नेपाली माता भगवती धाम में 51वें श्री शतचण्डी महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ, भव्य कलश यात्रा निकाली गई.

कलश यात्रा।

वाराणसी। चौबेपुर क्षेत्र के छीतमपुर स्थित प्रसिद्ध नेपाली माता भगवती धाम में आयोजित 51वें श्री शतचण्डी महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ सोमवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। श्रद्धा, भक्ति और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच निकली कलश यात्रा में लगभग 500 श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष एवं युवा श्रद्धालु कलश यात्रा में शामिल हुए। सुसज्जित वाहनों के काफिले तथा धार्मिक जयघोषों के साथ निकली इस भव्य यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।

कलश यात्रा नेपाली माता भगवती धाम से प्रारंभ होकर श्री गौरी शंकर महादेव मंदिर, ढकवा (वाराणसी) स्थित गंगा तट पहुंची, जहां वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार श्रद्धालुओं ने गंगाजल भरकर कलशों को पूजित किया। इसके पश्चात भव्य शोभायात्रा के रूप में कलशों को पुनः नेपाली माता भगवती धाम लाया गया, जहां विधिवत स्थापना एवं पूजन संपन्न कराया गया। पूरे मार्ग में जयकारों, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक उत्साह का वातावरण बना रहा।

आयोजन समिति के अनुसार 22 जून से प्रारंभ हुआ यह धार्मिक अनुष्ठान 30 जून तक चलेगा। प्रतिदिन सायं 4 बजे से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होगा, जिसका रसपान श्रद्धालुओं को योगी राममुनि जी महाराज (श्रीधाम वृंदावन) द्वारा कराया जाएगा।

वहीं महायज्ञ का यज्ञ पूजन राजेन्द्रानन्द जी महाराज (श्रीधाम अयोध्या) के निर्देशन में संपन्न होगा। कार्यक्रम में श्री श्री 1008 श्री मोदी गिरि नागा बाबा (करशलालय धाम, जौनपुर) का विशेष सानिध्य भी प्राप्त होगा।

आयोजन के अंतर्गत 24 जून को अरणि मंथन, प्रतिदिन प्रातः 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक यज्ञ-हवन तथा 29 जून को पूर्णाहुति का आयोजन किया जाएगा। इसके उपरांत 30 जून, मंगलवार को 64 गांवों के श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना है।

आयोजन समिति ने समस्त श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की है। साथ ही महायज्ञ एवं भंडारे हेतु अन्न, घी, चावल, जौ, तिल, गुड़ एवं अन्य सामग्री के सहयोग का भी आग्रह किया है।

स्थान: नेपाली माता भगवती धाम, छीतमपुर, चौबेपुर, वाराणसी
संपर्क: 7565010707, 6307988279
आयोजक: समस्त ग्रामवासी एवं क्षेत्रवासी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *