
कृषि विज्ञान केंद्र चंदौली में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत 1000 पौधों का रोपण व वितरण।
चंदौली। आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कुमारगंज (अयोध्या) द्वारा संचालित कृषि विज्ञान केंद्र, चंदौली में रविवार को हरित प्रदेश उत्तर प्रदेश वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत “एक पेड़ माँ के नाम” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत कृषि विज्ञान केंद्र परिसर एवं जिले के किसानों के यहां 1000 पौधों का रोपण और वितरण किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के कुलपति के निर्देशन में किया गया। इस दौरान किसानों को आम, आंवला, बेल, नींबू, कटहल, बेर, करौंदा, एप्पल बेर सहित विभिन्न फलदार पौधों के साथ-साथ सागौन, महोगनी जैसे वानिकी पौधे वितरित किए गए। कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में आम, आंवला और बेल के पौधों का भी रोपण किया गया।
कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र रघुवंशी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में उद्यान वैज्ञानिक डॉ. मनीष कुमार सिंह, डॉ. चंदन सिंह, डॉ. अभयदीप गौतम सहित केंद्र के वैज्ञानिकों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में किसानों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण तैयार करने का संकल्प भी लिया गया। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के माध्यम से मातृ सम्मान के साथ प्रकृति संरक्षण का संदेश भी लोगों तक पहुंचाया गया।