
चंदौली। चंदौली पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना अलीनगर पुलिस ने पचपेड़वा अंडरपास (रेवसा) के पास घेराबंदी कर एक क्रेटा कार और डीसीएम मिनी ट्रक से 90 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया। मामले में चार शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 22.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजे की बड़ी खेप डीसीएम ट्रक में लादकर वाराणसी के रास्ते राजस्थान और दिल्ली ले जाई जा रही है। ट्रक के आगे-आगे एक क्रेटा कार पायलटिंग कर रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने पचपेड़वा अंडरपास के पास घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोकने का प्रयास किया। चालक भागने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
तलाशी के दौरान क्रेटा कार से 22 किलोग्राम तथा डीसीएम ट्रक से 68 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। कुल 90 किलोग्राम गांजा पुलिस ने कब्जे में लेते हुए दोनों वाहनों को भी सीज कर दिया।
पूछताछ में गिरफ्तार तस्करों ने बताया कि वे ओडिशा से गांजा खरीदकर राजस्थान और दिल्ली पहुंचाने का काम करते थे। पुलिस से बचने के लिए गांजे को बंडलों में छिपाकर ट्रक से ले जाया जा रहा था, जबकि क्रेटा कार आगे चलकर रास्ता साफ कर रही थी।
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ थाना अलीनगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना अलीनगर पुलिस टीम के कई अधिकारियों और जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।