
कपसेठी पुलिस ने प्रयागराज से पकड़ी श्रेया भारती, पहले ही गिरफ्तार हो चुकी है फर्जी परीक्षार्थी तनिषा कुमारी
वाराणसी। बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा-2026 में अपने स्थान पर दूसरी महिला से परीक्षा दिलाने के मामले में थाना कपसेठी पुलिस ने फरार चल रही मूल अभ्यर्थी श्रेया भारती को प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पहले फर्जी परीक्षार्थी तनिषा कुमारी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।
पुलिस के अनुसार कालिकाधाम पीजी कॉलेज, सेवापुरी में आयोजित उत्तर प्रदेश संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा-2026 के दौरान अभ्यर्थी श्रेया भारती के स्थान पर तनिषा कुमारी फर्जी आधार कार्ड, कूटरचित प्रवेश पत्र एवं संपादित फोटो के सहारे परीक्षा देने पहुंची थी। जांच में मामला सामने आने पर केंद्र व्यवस्थापक प्रो. अनिकेश कुमार सिंह की तहरीर पर थाना कपसेठी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
प्रकरण में पुलिस ने पहले तनिषा कुमारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद वास्तविक अभ्यर्थी श्रेया भारती की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई। इसी क्रम में 12 जुलाई 2026 को पुलिस ने पूरादलेल, अल्लापुर (प्रयागराज) से श्रेया भारती को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में श्रेया भारती ने बताया कि उसने अपनी सहेली प्रीति के माध्यम से रोशन नामक व्यक्ति से संपर्क किया था। रोशन ने उसके स्थान पर किसी अन्य महिला से परीक्षा दिलाने की व्यवस्था की। इसके लिए उसने अपना आधार कार्ड, प्रवेश पत्र और फोटो उपलब्ध कराए, जिनका इस्तेमाल कर फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए। उसने स्वीकार किया कि वह पूरी योजना से अवगत थी और अपनी जगह दूसरी महिला से परीक्षा दिलाने के लिए सहमत थी।
पुलिस अब इस फर्जीवाड़े में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर रही है और उनके विरुद्ध भी विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई को थानाध्यक्ष विकास कुमार के नेतृत्व में चौकी प्रभारी मधुसूदन त्रिपाठी, उपनिरीक्षक रोहित दुबे, आरक्षी अभय कुमार गौड़, महिला आरक्षी मीरा कुमारी एवं प्रीति गौतम की टीम ने अंजाम दिया।