
ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत तीन शातिर गिरफ्तार, चोरी की बाइक बेचने की फिराक में थे आरोपी
वाराणसी। गोमती जोन पुलिस के ऑपरेशन चक्रव्यूह अभियान के तहत थाना फूलपुर पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही पर कुल चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपियों के खिलाफ मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2), 317(5) एवं 241 की बढ़ोतरी कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त एवं अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान थाना फूलपुर पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर सुरही अंडरपास के पास से तीन बिना नंबर की चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ मिथिलेश कुमार (33 वर्ष), विकास राय (34 वर्ष) एवं डबलू (36 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ और उनकी निशानदेही पर छिपाकर रखी गई एक अन्य चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे संगठित तरीके से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। चोरी के बाद वाहनों को अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखते और ग्राहक मिलने पर औने-पौने दाम में बेचकर रकम आपस में बांट लेते थे। उन्होंने स्वीकार किया कि बरामद मोटरसाइकिलें औद्योगिक क्षेत्र स्थित कैंपा कोला कंपनी, बीडी ग्रुप कंपनी, चिरईगांव क्षेत्र तथा सिंधौरा बाजार से चोरी की गई थीं।
चेसिस नंबर के आधार पर जांच में बरामद चारों मोटरसाइकिलें विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज चोरी के मुकदमों से संबंधित पाई गईं। इनमें फूलपुर थाना के दो मुकदमे, सिंधौरा थाना का एक मुकदमा तथा चौबेपुर क्षेत्र से चोरी की गई एक मोटरसाइकिल शामिल है, जिसके संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मिथिलेश कुमार पुत्र दुखरन राम, निवासी ग्राम ओईना, थाना जलालपुर (जौनपुर), विकास राय पुत्र बृजभान राय, निवासी ओईना बेला, थाना जलालपुर (जौनपुर) तथा डबलू पुत्र लोरिक, निवासी खेवसीपुर, थाना जलालपुर (जौनपुर) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार मिथिलेश और विकास पर वाहन चोरी के कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं, जबकि डबलू के विरुद्ध भी संबंधित चोरी के मामलों में कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक राजीव सिंह के नेतृत्व में चौकी प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र अमित कुमार पाण्डेय सहित थाना फूलपुर की पुलिस टीम ने अंजाम दिया।