डबल इंजन सरकार की पहल से काशी में आधुनिक कनेक्टिविटी को मिलेगी नई रफ्तार, दो मेगा कॉरिडोर परियोजनाओं को मंजूरी।

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने काशी की आधुनिक यातायात व्यवस्था को नई दिशा देने के लिए दो महत्वपूर्ण सड़क अवसंरचना परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से शहर में ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी, यात्रा समय में भारी कमी आएगी और सड़क, रेल, हवाई एवं जलमार्ग की कनेक्टिविटी और अधिक मजबूत होगी।

कैबिनेट की मंजूरी के तहत वरुणा नदी किनारे 43.2 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर तथा एनएच-19 से वाराणसी रिंग रोड तक 46.04 किलोमीटर के छह लेन ग्रीनफील्ड एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा। इन परियोजनाओं की कुल अनुमानित लागत 25,446 करोड़ रुपये है।

इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद वाराणसी शहर में ट्रैफिक का दबाव काफी कम होगा। एनएच-19 से काशी रेलवे स्टेशन तक यात्रा का समय लगभग 50 मिनट से घटकर 25 मिनट रह जाएगा, जबकि कई प्रमुख मार्गों पर सफर पहले की तुलना में काफी तेज और सुगम होगा। साथ ही काशी विश्वनाथ धाम, बीएचयू, नमो घाट, रामनगर किला, लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट और अन्य प्रमुख स्थलों तक पहुंच आसान होगी।

सरकार का कहना है कि यह परियोजना पीएम गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान के अनुरूप तैयार की गई है, जिससे पर्यटन, व्यापार, निवेश और क्षेत्रीय आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। आधुनिक सड़क नेटवर्क के साथ काशी की पहचान एक विश्वस्तरीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक नगरी के रूप में और मजबूत होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *