
वाराणसी। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त 2026 को वाराणसी परिक्षेत्र कार्यालय में गरिमापूर्ण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद राष्ट्रगान का सामूहिक गायन हुआ और राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई। डीआईजी ने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर डीआईजी वैभव कृष्ण ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के त्याग, संघर्ष एवं बलिदान का स्मरण कराता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता, अखंडता, संप्रभुता और संविधान की गरिमा की रक्षा करना हम सभी का दायित्व है।
उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवा के लिए पुलिसकर्मी सम्मानित।

समारोह के दौरान वाराणसी परिक्षेत्र के विभिन्न जनपदों में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्यों के लिए उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवा सम्मान चिह्न तथा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं वाराणसी परिक्षेत्र कार्यालय में तैनात शाखा प्रभारियों एवं पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों का कुशलता, निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करने के लिए प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
आधुनिक और जनोन्मुखी पुलिसिंग पर जोर
डीआईजी ने कहा कि वर्तमान समय में पुलिस के सामने कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण के साथ-साथ साइबर अपराध, महिला एवं बाल अपराध, संगठित अपराध तथा तकनीकी अपराध जैसी नई चुनौतियां भी हैं। इनसे प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आधुनिक तकनीक, बेहतर सूचना तंत्र, आपसी समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया और निरंतर प्रशिक्षण को प्राथमिकता देना आवश्यक है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से आमजन के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करते हुए निष्पक्ष, पारदर्शी, जवाबदेह और जनोन्मुखी पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता एवं अखंडता की रक्षा करने, संविधान एवं कानून के प्रति पूर्ण निष्ठा रखने तथा जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र की शांति, समृद्धि, एकता एवं अखंडता की कामना के साथ हुआ।
गृह मंत्रालय ने भी पुलिसकर्मियों को पदक किए स्वीकृत
प्रेस नोट के अनुसार, गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिसकर्मियों को Medal For Meritorious Service स्वीकृत किया गया है। इनमें निरीक्षक घनानन्द त्रिपाठी, नियुक्ति जनपद जौनपुर, तथा उपनिरीक्षक वीर बहादुर राम, नियुक्ति जनपद चंदौली, शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश द्वारा वाराणसी परिक्षेत्र के जनपदों में नियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सेवा अभिलेख एवं शौर्य के आधार पर उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिह्न, सराहनीय सेवा सम्मान चिह्न एवं प्रशंसा चिह्न प्रदान किए गए।
प्रेस नोट में वाराणसी, चंदौली, जौनपुर एवं गाजीपुर जनपदों के अनेक पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट, सराहनीय एवं अतिउत्कृष्ट सेवा पदक दिए जाने का उल्लेख किया गया है।