
सावन के पवित्र महीने में जहां एक तरफ शिवालयों में श्रद्धालुओं और कांवरियों का सैलाब उमड़ रहा है, वहीं दूसरी ओर सेवा, समर्पण और भक्ति की मिसाल भी देखने को मिल रही है। त्रिलोचन महादेव मंदिर के पास, ग्राम सभा चितारी निवासी और पूर्व सैनिक नवीन सिंह बीते सात वर्षों से कांवरियों और श्रद्धालुओं के लिए 24 घंटे का विशाल भंडारा आयोजित कर रहे हैं।
पवित्र सावन मास के अवसर पर त्रिलोचन महादेव मंदिर परिसर के समीप सेवा भाव का अनोखा दृश्य देखने को मिल रहा है। नवीन सिंह अपने सहयोगियों के साथ मिलकर कई वर्षों से श्रद्धालुओं और कांवरियों के लिए निःशुल्क भोजन एवं विश्राम की व्यवस्था कर रहे हैं।
बातचीत के दौरान पूर्व सैनिक नवीन सिंह ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में सेना में तैनाती के दौरान उन्होंने अमरनाथ यात्रा में बड़े-बड़े भंडारों का आयोजन देखा था। तभी उनके मन में यह भाव आया कि यदि कभी सामर्थ्य मिला तो वह भी अपने क्षेत्र में इसी तरह का आयोजन करेंगे।
उन्होंने बताया कि सावन के दिनों में विशेषकर रविवार की रात कांवरियों को भोजन मिलने में काफी असुविधा होती थी। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अपने सहयोगियों के साथ त्रिलोचन महादेव मंदिर के पास 24 घंटे का भंडारा शुरू किया, जो पिछले सात वर्षों से लगातार जारी है।
आयोजकों के अनुसार, हर वर्ष इस भंडारे में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। पिछले वर्ष के आयोजन में करीब 40 से 45 हजार श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया था।
नवीन सिंह का कहना है कि ऐसे सामुदायिक आयोजनों से समाज में सामाजिक समरसता और भाईचारे की भावना मजबूत होती है। यहां बिना किसी भेदभाव के सभी लोग एक साथ सेवा कार्य में शामिल होते हैं और प्रसाद ग्रहण करते हैं।
भक्ति, श्रद्धा और सामाजिक समरसता का यह संगम त्रिलोचन महादेव मंदिर के आसपास क्षेत्र में चर्चा और प्रेरणा का केंद्र बना हुआ है। आयोजन को सफल बनाने में सोनम कंस्ट्रक्शन के ओनर नवीन सिंह, रोहित सिंह, अभिषेक सिंह रघुवंशी, नीरज सेठ, आशु सिंह, चन्द्रेश्वर सिंह, अभिषेक सिंह, मनीष सिंह सहित सैकड़ों लोगों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।