राखी के साथ देश के जवानों के नाम बच्चों ने भेजा प्यार, प्रयाग इंटरनेशनल स्कूल के 700 बच्चों ने राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री समेत सुरक्षा बलों को भेजे संदेश।

चंदौली। रक्षाबंधन के पर्व पर देश की रक्षा में जुटे सैनिकों और सुरक्षा बलों के प्रति सम्मान और अपनत्व की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से भारतीय डाक विभाग की ओर से विशेष अभियान चलाया गया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर स्थित प्रयाग इंटरनेशनल स्कूल, कुरहना के 700 से अधिक बच्चों ने राखी और अपने हाथों से लिखे बधाई संदेश राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री समेत सेना, पैरामिलिट्री फोर्स और उत्तर प्रदेश पुलिस के जवानों को भेजे।

डाक विभाग की ओर से उपलब्ध कराए गए विशेष राखी लिफाफों में बच्चों ने राखियां, शुभकामना संदेश और अपने मन की बातें लिखकर भेजीं। छोटे बच्चों से लेकर बड़े विद्यार्थियों तक इस अभियान में उत्साह के साथ शामिल हुए। बच्चों में देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिकों और सुरक्षा बलों के प्रति सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव साफ नजर आया।

अभियान के दौरान बच्चों ने अपने संदेशों के माध्यम से जवानों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। बच्चों ने सेना के जवानों के साथ-साथ पैरामिलिट्री फोर्स, उत्तर प्रदेश पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों को भी राखियां भेजीं।

भारतीय डाक विभाग की ओर से चंदौली जनपद के मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव दिनेश तिवारी मौजूद रहे। वहीं विद्यालय परिवार की ओर से डीन डॉ. आर.पी. सिंह, शिक्षक कुमार नंद, दीपमाला यादव, अपर्णा बैनर्जी, अंकित राजपूत, जितेंद्र कुमार, आकाश सिंह राजपूत, विनय शर्मा, अखिलेश पांडे, प्रियंका यादव, नीतू मौर्य समेत अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।

विद्यालय के डीन डॉ. आर.पी. सिंह ने बच्चों के उत्साह की सराहना करते हुए भारतीय डाक विभाग की इस पहल के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियान बच्चों में भारतीय सेना, सैनिकों और सुरक्षा बलों के प्रति सम्मान, सेवा भावना और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने बच्चों को देश की रक्षा में तैनात जवानों के योगदान के बारे में जागरूक भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *