
चंदौली। रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मुगलसराय और चंदौली के मिष्ठान, डेयरी एवं शॉपिंग मॉल में छापेमारी कर 11 खाद्य पदार्थों के नमूने सील किए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
शुक्रवार को सहायक आयुक्त खाद्य (द्वितीय) धीरेंद्र सिंह के निर्देशन में हुई कार्रवाई से मिलावटखोरों और खाद्य सामग्री में मिलावट करने वाले कारोबारियों में हड़कंप मचा रहा। टीम ने आईपी मुगल मॉल, मुगलसराय स्थित विभिन्न आउटलेट्स से चार फ्रूट सिरप, एक बटर, एक दूध और एक क्रीम के नमूने लिए।
इसी क्रम में यादव डेयरी, इंदिरानगर चंदौली से त्योहार के दौरान मावे की बढ़ती मांग को देखते हुए खोया, पनीर और दूध के नमूने संकलित किए गए। वहीं, IGRS पर पनीर में मिलावट की शिकायत मिलने के बाद टीम ने कैली रोड स्थित डेयरी पर पहुंचकर पनीर का नमूना सील किया।
छापेमारी का नेतृत्व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमल निवास त्रिपाठी ने किया। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रणधीर सिंह यादव और अरविंद कुमार भी शामिल रहे।
सहायक आयुक्त खाद्य (द्वितीय) धीरेंद्र सिंह ने कहा कि त्योहारों के दौरान लोगों को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।