
चंदौली। आगामी रक्षाबंधन पर्व के दृष्टिगत बुधवार को विद्यालय की छात्राओं ने पुलिस अधीक्षक चंदौली आकाश पटेल से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें राखी बांधी और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने भी छात्राओं को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

छात्राओं ने पुलिस अधीक्षक की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के प्रेम, विश्वास, स्नेह और सुरक्षा के प्रतीक इस पावन पर्व की भावनाओं को व्यक्त किया। इस आत्मीय अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि चंदौली पुलिस महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं अधिकारों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या, असुरक्षा अथवा उत्पीड़न की स्थिति में बालिकाओं को बिना किसी संकोच के पुलिस से संपर्क करना चाहिए। चंदौली पुलिस उनकी सहायता और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने, अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और आत्मविश्वास के साथ भविष्य निर्माण के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बेटियां समाज की शक्ति हैं और उनकी सुरक्षा एवं सम्मान हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
रक्षाबंधन के अवसर पर छात्राओं द्वारा पुलिस अधीक्षक को राखी बांधने का यह आत्मीय कार्यक्रम पुलिस और समाज के बीच विश्वास, अपनत्व और संवेदनशील संबंधों को और मजबूत करने वाला रहा।
चंदौली पुलिस— सुरक्षा, सम्मान एवं विश्वास के लिए सदैव प्रतिबद्ध।