
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली को नया थाना अध्यक्ष मिल गया है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए चकिया थाना प्रभारी अर्जुन प्रताप सिंह को मुगलसराय कोतवाली की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने पूर्व थाना अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह का स्थान लिया है।
विजय प्रताप सिंह करीब चार माह से मुगलसराय कोतवाली की कमान संभाल रहे थे। हाल ही में एक प्रकरण से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले का संज्ञान लेते हुए विजय प्रताप सिंह को लाइन हाजिर कर दिया। उनके स्थान पर अर्जुन प्रताप सिंह को मुगलसराय जैसे महत्वपूर्ण थाने की जिम्मेदारी दी गई है।
अर्जुन प्रताप सिंह इससे पहले करीब 13 महीने तक चकिया थाना प्रभारी के पद पर तैनात रहे। चंदौली में तैनाती के बाद उन्होंने पुलिस विभाग में पीआरओ की जिम्मेदारी भी संभाली थी। इसके बाद उन्हें शहाबगंज थाने का प्रभारी बनाया गया और फिर चकिया की कमान सौंपी गई।
अब मुगलसराय कोतवाली की जिम्मेदारी मिलने के बाद अर्जुन प्रताप सिंह के सामने अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की शिकायतों का त्वरित निस्तारण कराने की चुनौती होगी। मुगलसराय क्षेत्र की संवेदनशीलता और व्यस्तता को देखते हुए उनकी नई तैनाती को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पुलिस विभाग में हुए इस बदलाव के बाद अब विजय प्रताप सिंह की जगह अर्जुन प्रताप सिंह मुगलसराय कोतवाली की कमान संभालेंगे।