
चन्दौली। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत चन्दौली पुलिस एवं स्वाट/एसओजी टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त पुलिस टीम ने हाईवे पर राहगीरों एवं वाहन चालकों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 04 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक अभियुक्त के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया।
पुलिस अधीक्षक चन्दौली श्री आकाश पटेल के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से अवैध असलहा, कारतूस एवं नगदी बरामद की गई। पूछताछ में अभियुक्तों ने खुलासा किया कि वे महिला का भेष धारण कर अथवा मदद मांगने के बहाने राहगीरों की गाड़ियां रुकवाते थे और फिर मारपीट कर नगदी व कीमती सामान लूट लेते थे।
पुलिस के अनुसार 17 मई 2026 को भगवानपुर नहर के पास अमेठी निवासी ज्ञानेन्द्र तिवारी से ₹42 हजार की लूट की घटना को भी इसी गिरोह ने अंजाम दिया था। घटना के खुलासे के लिए थाना चन्दौली पुलिस एवं स्वाट/एसओजी टीम लगातार सक्रिय थी। मुखबिर की सूचना पर भगवान तालाब के पास घेराबंदी की गई, जहां बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया और चारों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में बिहार निवासी उपेंद्र यादव सहित चन्दौली जनपद के तीन अन्य आरोपी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि उपेंद्र यादव पर बिहार में लूट, आर्म्स एक्ट एवं रेलवे एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम में थाना चन्दौली एवं स्वाट/एसओजी के कई अधिकारी व जवान शामिल रहे, जिनकी सक्रियता से इस गिरोह का खुलासा संभव हो सका।