
सब्जी लेने घर से निकली थी युवती, वापस न लौटने पर परिजनों ने दी थी तहरीर; CCTV और तकनीकी माध्यमों से पुलिस ने खोज निकाला।
वाराणसी। चेतगंज थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घर से लापता हुई 19 वर्षीय युवती को महज तीन घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बेटी के सकुशल वापस मिलने पर परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई और उन्होंने चेतगंज पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार जताया।
जानकारी के अनुसार आवेदिका ने चेतगंज थाने में तहरीर देकर बताया कि उसकी 19 वर्षीय पुत्री घर से सब्जी लेने के लिए निकली थी, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी वह वापस घर नहीं लौटी। परिजनों की चिंता बढ़ने पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
तहरीर प्राप्त होते ही थानाध्यक्ष पवन कुमार पाण्डेय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम का गठन किया। इसके बाद थाना चेतगंज पुलिस एवं मिशन शक्ति टीम ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही तकनीकी माध्यमों का सहारा लिया।
पुलिस टीम की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप गुमशुदा युवती को तीन घंटे के अंदर सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद उसे सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
बेटी के सकुशल मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली और कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस एवं चेतगंज पुलिस टीम की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया।
सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम
इस त्वरित कार्रवाई में थानाध्यक्ष पवन कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक भरत पाण्डेय, महिला उपनिरीक्षक आदर्शिका, कांस्टेबल इमरान अली एवं कांस्टेबल प्रियांशु यादव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।