Varanasi।प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ वाराणसी के चुनाव परिणाम घोषित, डॉ. राजेश्वर नारायण सिंह बने अध्यक्ष।

डॉ. अमित सिंह सचिव और डॉ. अतुल कुमार सिंह वित्त सचिव निर्विरोध निर्वाचित, नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को CMO ने दी शुभकामनाएं।

वाराणसी। प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ (PMS) वाराणसी शाखा के द्विवर्षीय चुनाव वर्ष 2026-27 एवं 2027-28 के परिणाम मंगलवार को घोषित कर दिए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी वाराणसी डॉ. एन.पी. सिंह द्वारा नामित चुनाव अधिकारी एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय राय ने चुनाव परिणाम की घोषणा की।

चुनाव में डॉ. राजेश्वर नारायण सिंह को अध्यक्ष, डॉ. अमित सिंह को सचिव तथा डॉ. अतुल कुमार सिंह को वित्त सचिव निर्विरोध निर्वाचित किया गया। इसके अलावा डॉ. कार्तिकेय सिंह वरिष्ठ उपाध्यक्ष, डॉ. हेमंत सिंह उपाध्यक्ष, डॉ. सारिका राय महिला उपाध्यक्ष, डॉ. विनय कुमार मिश्रा सदस्य केंद्रीय कार्यकारिणी तथा डॉ. शिवशक्ति प्रसाद द्विवेदी संपादक पद पर निर्विरोध चुने गए।

चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.पी. सिंह ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

लंबित सेवा नियमावली और प्रमोशन का मुद्दा रहेगा प्राथमिकता

नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. राजेश्वर नारायण सिंह ने कहा कि संघ की ओर से वर्षों से लंबित PMS 2020 सेवा नियमावली में संशोधन, समय से प्रमोशन तथा समयबद्ध SACP लागू कराने के लिए प्रदेश कार्यकारिणी से समन्वय स्थापित कर प्रभावी प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए एसएसपीजी कबीर चौरा, डीडीयू पांडेयपुर, एलबीएस रामनगर सहित अन्य सरकारी चिकित्सालयों से विशेष आमंत्रित सदस्यों को भी जोड़ा जाएगा, ताकि अधिक से अधिक चिकित्सकों की समस्याओं को संघ के मंच पर प्रभावी ढंग से उठाया जा सके।

त्रैमासिक बैठक में सुनी जाएंगी चिकित्सकों की समस्याएं

सचिव डॉ. अमित सिंह ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के साथ जिला PMS संघ की नियमित त्रैमासिक बैठक कराई जाएगी। बैठक में चिकित्सकों की समस्याओं पर चर्चा कर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए उनके निराकरण का प्रयास किया जाएगा।

वित्त सचिव डॉ. अतुल कुमार सिंह ने कहा कि संघ के कार्यों में बजट की कमी नहीं आने दी जाएगी। संगठन हित से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखते हुए वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।

वहीं महिला उपाध्यक्ष डॉ. सारिका राय ने कहा कि महिला चिकित्सकों से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संघ के समक्ष रखा जाएगा और उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किया जाएगा।

अंत में सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने चुनाव प्रक्रिया एवं सहयोग के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.पी. सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया।

— डॉ. संजय राय
चुनाव अधिकारी एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, वाराणसी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *