
CEIR पोर्टल और सर्विलांस टीम की मदद से चन्दौली पुलिस को बड़ी सफलता, मुगलसराय से सबसे ज्यादा 16 और सकलडीहा से 19 मोबाइल बरामद।
चन्दौली। मोबाइल गुम होने के बाद उसे दोबारा पाने की उम्मीद छोड़ चुके लोगों के लिए चन्दौली पुलिस ने बड़ी राहत दी है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत जनपद की विभिन्न थाना पुलिस और सर्विलांस टीम ने तकनीकी माध्यमों का इस्तेमाल करते हुए 101 गुम/खोए मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 31 लाख रुपये बताई गई है।
8 सितंबर 2026 को पुलिस लाइन चन्दौली के नवीन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सदर ने बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। मोबाइल स्वामियों ने चन्दौली पुलिस के इस प्रयास की सराहना की।
CEIR पोर्टल बना खोए मोबाइलों की तलाश का हथियार
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनसुनवाई के दौरान प्राप्त मोबाइल गुम होने संबंधी प्रार्थना पत्रों और CEIR पोर्टल से प्राप्त जानकारी के आधार पर पुलिस टीमों ने कार्रवाई शुरू की। सर्विलांस टीम की तकनीकी मदद से मोबाइल फोन को ट्रेस किया गया और अलग-अलग स्थानों से बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाया गया।
किस थाने से कितने मोबाइल बरामद
- सकलडीहा – 19
- मुगलसराय – 16
- चन्दौली – 13
- बबुरी – 09
- धानापुर – 09
- चकिया – 06
- शहाबगंज – 06
- सैयदराजा – 06
- चकरघट्टा – 03
- धीना – 03
- इलिया – 03
- कंदवा – 03
- नौगढ़ – 03
- बलुआ – 02
कुल – 101 मोबाइल फोन
2026 में अब तक 519 मोबाइल बरामद
चन्दौली पुलिस के अभियान का असर इसी से समझा जा सकता है कि वर्ष 2026 में अब तक अलग-अलग चरणों में 519 गुम/खोए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए जा चुके हैं। इन सभी मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 52 लाख रुपये है।
इस वर्ष अब तक हुई बरामदगी का विवरण—
- 03 मार्च – 75 मोबाइल
- 20 अप्रैल – 121 मोबाइल
- 03 जून – 111 मोबाइल
- 28 जुलाई – 111 मोबाइल
- 08 सितंबर – 101 मोबाइल
इस तरह चन्दौली पुलिस ने तकनीक और पुलिसिंग के बेहतर तालमेल से न केवल लाखों रुपये कीमत के मोबाइल बरामद किए, बल्कि लोगों का पुलिस के प्रति भरोसा भी मजबूत किया है।
मोबाइल खो जाए तो तुरंत करें ये काम
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर घबराएं नहीं। तत्काल CEIR पोर्टल पर मोबाइल गुम होने की शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही संबंधित थाने, CSC केंद्र या पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रार्थना पत्र दें। मोबाइल का IMEI नंबर सुरक्षित रखना भी बेहद जरूरी है, ताकि मोबाइल गुम होने की स्थिति में उसकी तलाश में पुलिस को मदद मिल सके।
सर्विलांस टीम प्रभारी: उ0नि0 आशीष मिश्रा के नेतृत्व में सर्विलांस टीम और संबंधित थाना पुलिस की टीमों ने इस बरामदगी अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।