
संवेदनशील इलाकों और बाजारों में भारी पुलिस बल के साथ पैदल गश्त, लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील।

चन्दौली। आगामी बकरीद पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से चन्दौली पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस अधीक्षक चन्दौली श्री आकाश पटेल ने थाना मुगलसराय क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले इलाकों में भारी पुलिस बल के साथ पैदल गश्त किया।
पैदल गश्त के दौरान कस्बा मुगलसराय, काली महाल, कसाव महाल समेत प्रमुख क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। वहीं पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद के सभी थाना प्रभारियों एवं थानाध्यक्षों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों के संवेदनशील इलाकों, बाजारों और प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया गया।
इस दौरान एसपी आकाश पटेल ने आमजन, व्यापारियों एवं धर्मगुरुओं से संवाद स्थापित कर बकरीद पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा।
गश्त के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विशेष सतर्कता बरतने, संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं पर निगरानी रखने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
इस मौके पर क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह, थाना प्रभारी मुगलसराय विजय प्रताप सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।