
मुनीब से हुई ₹1.34 लाख की लूट का सफल अनावरण, 60 हजार नकद समेत बाइक और मोबाइल बरामद
चन्दौली। जनपद में संगठित एवं पेशेवर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चन्दौली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना मुगलसराय पुलिस, एसओजी, सर्विलांस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने पड़ाव-भोजपुर मार्ग पर हुई सनसनीखेज लूट की घटना का खुलासा करते हुए चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹60,000 नगद, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन और पीड़ित का लूटा गया बैग बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 21 मई 2026 को वाराणसी निवासी महताब अहमद ने थाना मुगलसराय में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह एक फर्म का मुनीब है और दुकानदारों से वसूली कर वापस लौट रहा था। इसी दौरान ग्राम चौरहट मुख्य सड़क पर दो मोटरसाइकिलों से आए बदमाशों ने उसे धक्का देकर गिरा दिया और रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। बैग में करीब ₹1,34,000 मौजूद थे।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने लगभग 25 किलोमीटर क्षेत्र में लगे 70 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर ग्राम चौरहट स्थित ओ.पी. गार्डेन के सामने घेराबंदी कर चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आर्यन श्रीवास्तव निवासी सीर गोवर्धन वाराणसी, शिवांग पाण्डेय निवासी महमूरगंज वाराणसी, मोहम्मद तारिक अंसारी उर्फ आर्यन निवासी मोहनिया कैमूर बिहार हाल पता सामनेघाट वाराणसी तथा देव सरकार उर्फ दयाल निवासी ढेलाबीर टिकरी वाराणसी के रूप में हुई है।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि उनका साथी आकाश यादव, जो वसूली का काम करता था, ने मुनीब की गतिविधियों की जानकारी दी थी। इसके बाद सभी ने मिलकर योजना बनाई और घटना को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी छात्र हैं और जल्दी पैसा कमाने व अपने शौक पूरे करने की चाहत में अपराध की राह पर चल पड़े।
पुलिस ने बताया कि लूट की रकम छह लोगों में बांटी गई थी, जिसमें से कुछ पैसे खर्च भी कर दिए गए। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया बैग भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस अब फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
इस कार्रवाई में थाना मुगलसराय पुलिस के साथ एसओजी, सर्विलांस और साइबर सेल की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।