
चन्दौली, 10 सितम्बर 2026। जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में कैंप कार्यालय में डूडा (जिला नगरीय विकास एजेंसी) की शासी निकाय की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में शहरी क्षेत्रों में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शासन की सभी योजनाओं को पूरी पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ धरातल पर उतारा जाए, ताकि पात्र एवं जरूरतमंद लोगों को योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या सुस्ती बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पीएम आवास योजना में निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश
डीएम ने पीएम आवास योजना (PMAY) 1.0 के तहत पूर्व में धनराशि प्राप्त कर चुके लाभार्थियों के आवास निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने के निर्देश अधिशासी अधिकारियों को दिए। वहीं PMAY 2.0 के तहत प्राप्त नए आवेदनों की शीघ्र जांच, पहली किस्त प्राप्त कर चुके लाभार्थियों का भौतिक सत्यापन और जियो-टैगिंग का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने को कहा।
स्वनिधि के लंबित ऋण आवेदनों का हो त्वरित निस्तारण
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने शहरी स्ट्रीट वेंडर्स को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए बैंकों से बेहतर समन्वय स्थापित करने और लंबित ऋण आवेदनों का शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए।
बैठक में मलिन बस्ती विकास योजना के तहत प्रस्तावित विभिन्न विकास कार्यों एवं उनके प्रस्तावों की भी विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई।
बैठक का संचालन परियोजना अधिकारी (पीओ) राजेश उपाध्याय ने किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) राजेश कुमार, पंडित दीनदयाल नगर, चकिया एवं सैयदराजा के चेयरमैन व अधिशासी अधिकारी सहित सेवायोजन, खाद्य, उद्योग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।