चन्दौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 31.2 किलो गांजा के साथ अंतरजनपदीय तस्कर गिरफ्तार, कीमत लगभग 10 लाख रुपये।

चन्दौली, 10 जून 2026। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मुगलसराय एवं स्वॉट/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक शातिर गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 31 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा तथा तस्करी में प्रयुक्त एक कार बरामद की है। बरामद गांजे की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक चन्दौली के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार को चकिया तिराहा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने एक संदिग्ध Hyundai Santro कार (OR02 AK 8591) को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चालक भागने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में गिरफ्तार युवक की पहचान अतहर फारुकी (28 वर्ष), निवासी बरेज, पोस्ट बेलौड़ी, थाना मोहनिया, जनपद कैमूर (भभुआ), बिहार के रूप में हुई। वाहन की तलाशी लेने पर कुल 17 पैकेटों में 31.2 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह बिहार से गांजा लाकर वाराणसी एवं आसपास के जनपदों में सप्लाई करता था और इसकी बिक्री से आर्थिक लाभ कमाता था। बरामद गांजा भी बिक्री के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था।

इस मामले में थाना मुगलसराय पर मु0अ0सं0-286/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस सफल कार्रवाई में थाना मुगलसराय, स्वॉट टीम एवं सर्विलांस टीम के अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *