चंदौली।जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण चन्दौली पुलिस की प्राथमिकता, एसपी आकाश पटेल ने सुनीं 45 फरियादियों की शिकायतें।

समाचार आजकल।

चन्दौली, 10 जून 2026। जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक चन्दौली आकाश पटेल ने बुधवार को पुलिस कार्यालय में जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी शिकायतें एवं प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए।

जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित थाना प्रभारियों एवं राजपत्रित अधिकारियों से स्वयं वार्ता कर मामलों के शीघ्र एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन को न्याय दिलाना और उनकी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान करना चन्दौली पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

एसपी आकाश पटेल ने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में आने वाले नागरिकों के साथ शिष्ट एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए तथा प्रत्येक प्रार्थना पत्र का गुण-दोष के आधार पर विधिक कार्रवाई करते हुए समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान कुल 45 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनके निस्तारण हेतु पुलिस अधीक्षक द्वारा तत्काल संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए।

चन्दौली पुलिस द्वारा नियमित रूप से आयोजित की जा रही जनसुनवाई व्यवस्था आमजन और पुलिस के बीच विश्वास को मजबूत करने के साथ-साथ शिकायतों के प्रभावी समाधान का माध्यम बन रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *