
हाजीपुर/डीडीयू, 10 जुलाई। पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मंडल की मंडल संसदीय समिति की बैठक शुक्रवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभागार में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम ने की। इसमें चंदौली सांसद वीरेंद्र सिंह सहित मंडल क्षेत्र के कई सांसदों और उनके प्रतिनिधियों ने भाग लिया तथा रेल विकास, यात्री सुविधाओं के विस्तार और आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करने के संबंध में अपने सुझाव रखे।

बैठक में पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह, मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना सहित मुख्यालय एवं मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सांसदों ने रेलवे की विकास परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने, यात्री सुविधाओं में और सुधार लाने तथा भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की।
महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने अपने स्वागत संबोधन में बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में डीडीयू मंडल ने 92 हजार से अधिक यात्री ट्रेनों का सफल संचालन किया। डीडीयू-मानपुर रेलखंड पर 180 किमी प्रति घंटे की गति परीक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया गया, वहीं 4.5 किलोमीटर लंबी ‘रुद्रास्त्र’ मालगाड़ी का सफल संचालन भी मंडल की बड़ी उपलब्धि रही।
उन्होंने बताया कि दिसंबर माह में 905 वैगनों की रूटीन ओवरहॉलिंग कर भारतीय रेल में सर्वाधिक मासिक रिकॉर्ड स्थापित किया गया। साथ ही अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत डीडीयू मंडल के 15 स्टेशनों के पुनर्विकास का कार्य तेजी से चल रहा है। गया स्टेशन को विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त स्टेशन बनाने का कार्य भी तेजी से प्रगति पर है।
बैठक के अंत में महाप्रबंधक ने सांसदों द्वारा दिए गए सुझावों के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों के सुझाव रेलवे की भावी विकास योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।