
चंदौली। मुगलसराय पुलिस ने गोवध निवारण अधिनियम के तहत दर्ज मामले में फरार चल रहे एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मो. सैफ पुत्र मो. इकबाल, निवासी ग्राम सतपोखरी, थाना मुगलसराय के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 20 जून 2026 को सतपोखरी गांव में छापेमारी के दौरान करीब 70.760 किलोग्राम संदिग्ध गोवंशीय मांस, गोमांस काटने के उपकरण एवं अन्य सामान बरामद किया गया था। उस दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, जबकि मो. सैफ फरार हो गया था। इसी मामले में थाना मुगलसराय पर गोवध निवारण अधिनियम एवं आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने गौसिया मस्जिद के पास से मो. सैफ को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से ₹11,500 नकद भी बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध दर्ज मुकदमे में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में फरार अन्य आरोपी की तलाश जारी है।