

वाराणसी :- विश्व हिन्दू रक्षा परिषद वाराणसी के पदाधिकारियों द्वारा मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम पुलिस आयुक्त वाराणसी कार्यालय में सौपा गया ज्ञापन | बताते चले की विश्व प्रसिद्ध पर्यटक स्थल सारनाथ है, उक्त स्थल के सुन्दरीकरण में सरकार द्वारा काफी बड़ी मात्रा में व्यय किया गया है ताकि क्षेत्र में पर्यटन बढ़े व क्षेत्र की गरीब व बेरोजगार जनता को रोजगार का अवसर प्राप्त हो सके |
विश्व हिन्दू रक्षा परिषद के प्रदेश अध्यक्ष विधि प्रकोष्ठ उत्तर प्रदेश एडवोकेट डाक्टर प्रविश कुमार पाण्डेय ने ज्ञापन सौपने के उपरांत जिला मुख्यालय परिसर में मिडिया से वार्ता के दौरान कहा की विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल होने के नाते सारनाथ में सैकड़ों की संख्या में बनारसी साड़ी तथा अन्य नाना प्रकार के प्रतिष्ठान हैं व दिनभर में भारी मात्रा में देश विदेश के पर्यटक आते भी हैं परन्तु चन्द स्थानीय दबंग लोगों ने इसे अपना क्षेत्राधिकार बनाकर रख लिया है,सम्पूर्ण सारनाथ का सरकार द्वारा सुन्दरीकरण करवाया गया |
एडवोकेट डाक्टर प्रविश कुमार पाण्डेय ने आगे कहा की फूटपाथ पर लगभग 500 की संख्या में अनाधिकृत गाइड कुर्सी लगाकर बैठते हैं जिनको क्षेत्र के दबंग लोगों का संरक्षण प्राप्त है व इनका काम यही है की सारनाथ में आने वाले सैलानियों वाली हर बाहरी नंबर प्लेट की गाड़ी को जबरन रोकना,उनको सड़क किनारे खड़ी करवाना व पार्किंग के एवज में स्वयं 100 रुपये वसूलना तथा उनको बरगलाकर सारनाथ घुमाना व घुमाने के बाद अपने संरक्षणदाता के होटल/प्रतिष्ठान में लेकर जाना और मोटा कमीशन प्राप्त करना,इन लोगों के ऐसे कृत्य से सेवाएँ तथा उत्पाद कई गुना महंगा हो जाता हैं व इनका लेनदेन नगद रूप में होता है |
इन लोगों द्वारा जहाँ भी कुर्सी लगाकर बैठा जाता है वो इनका अधिकृत क्षेत्र होता है वहां कोई लाइसेंस प्राप्त गाइड अथवा अन्य कोई व्यक्ति फटक भी नही सकता यदि कोई ग्राहक अपने से किसी प्रतिष्ठान में चला गया तो ये अमादा फौजदारी हो जाते हैं | जहाँ व्यापारी लाखों खर्च करके पांच प्रतिशत मार्जिन कमा पाता है वहां ये अनाधिकृत लोग बिना किसी निवेश के चालीस प्रतिशत की वसूली करते हैं व्यापारियों से | उधर दूसरी तरफ सरकार द्वारा अधिकृत पार्किंग स्थल खाली रहता है व सरकारी राजस्व को क्षति पहुचती है तथा इनके द्वारा सड़क किनारे पार्किंग करवाने से क्षेत्र में आए दिन यातायात भी बाधित होता है तथा क्षेत्रीय लोगों व एम्बुलेंस,फायर ब्रिगेड व स्कूल बस जैसे आवश्यक वाहन समय पर नहीं पहुँच पाते |
प्रमाण स्वरुप थाना सारनाथ में कई मुक़दमे पंजीकृत हुए हैं जिसमे 587/2025 व 555/2025 की वर्तमान में विवेचना प्रचलित है यदि इन अनाधिकृत गाइडों को नहीं रोका गया तो सारनाथ में आने वाले पर्यटकों की संख्या में गिरावट आ सकती है क्षेत्र की छवि भी काफी हद तक धूमिल हो चुकी है | स्थानीय लोगों द्वारा तथा कई पर्यटकों द्वारा थाना सारनाथ व पर्यटक थाने में शिकायत की गई लेकिन पुलिस द्वारा मामले को गंभीरता से न लेते हुए गेंद एक दुसरे के पाले में फेकने का काम किया गया और शिकायत कर्ता द्वारा आइजीआरएस पोर्टल से शिकायत की गई तो पुलिस द्वारा सिर्फ रिपोर्ट लगाने का कार्य किया जाता रहा है मसलन उपरोक्त अनाधिकृत लोगों का और भी हौसला बुलंद हो गया है |
ज्ञापन सौपने में विश्व हिन्दू रक्षा परिषद के राष्ट्रीय मंत्री कृष्णा पाण्डेय,राजेश मौर्या राष्ट्रीय मंत्री, एडवोकेट डाक्टर प्रविश कुमार पाण्डेय प्रदेश अध्यक्ष विधि प्रकोष्ठ उत्तर प्रदेश,एडवोकेट आशीष पाण्डेय प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष विधि प्रकोष्ठ,एडवोकेट आनन्द मौर्या, एडवोकेट राम सजीवन पाण्डेय, एडवोकेट गौरव कुमार,योगेश सोनी सहित इत्यादि लोग उपस्थित रहे ||