IIA इंटरनेशनल टूरिज़्म एंड हॉस्पिटैलिटी एक्सपो 2025 में चैतन्य योग सेवा संस्था की सक्रिय सहभागिता।

वाराणसी | इंडियन इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन (IIA) द्वारा आयोजित IIA इंटरनेशनल टूरिज़्म एंड हॉस्पिटैलिटी एक्सपो 2025 का आयोजन 18 एवं 19 दिसंबर 2025 को होटल ताज गंगा, वाराणसी में किया जा रहा है। इस अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन में पर्यटन, हॉस्पिटैलिटी , यौगिक चिकित्सा, वेलनेस एवं आध्यात्मिक पर्यटन से जुड़े देश-विदेश के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।

इस प्रतिष्ठित एक्सपो में चैतन्य योग सेवा संस्था की सहभागिता विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। संस्थान द्वारा योग, ध्यान, भारतीय आध्यात्मिक परंपरा एवं वेलनेस टूरिज़्म के महत्व पर प्रकाश डाला गया तथा योग को वैश्विक पर्यटन से जोड़ने की संभावनाओं पर विचार साझा किए गए।

एक्सपो में 15 से अधिक देशों के प्रतिनिधि, निवेशक, टूर ऑपरेटर, होटल उद्योग से जुड़े विशेषज्ञ एवं नीति-निर्माता उपस्थित रहे। आयोजन का मुख्य उद्देश्य पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में निवेश को प्रोत्साहन, एवं उत्तर प्रदेश विशेषकर वाराणसी को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर सशक्त रूप से स्थापित करना है।

चैतन्य योग सेवा संस्था ने इस अवसर पर यह संदेश दिया कि योग और वेलनेस न केवल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य का माध्यम हैं, बल्कि भारत के आध्यात्मिक पर्यटन को नई दिशा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। संस्था ने योग आधारित पर्यटन को रोजगार सृजन और सामाजिक उत्थान से जोड़ने पर बल दिया।

कार्यक्रम के दौरान B2B बैठकों, संगोष्ठियों, निवेश संवाद एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया, जिससे प्रतिभागियों को आपसी सहयोग और नेटवर्किंग के नए अवसर प्राप्त हुए।

यह एक्सपो वाराणसी की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन पहचान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *