असम से एक बड़ी और दुखद खबर सामने आई है। शनिवार तड़के होजाई ज़िले में दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस एक हाथियों के झुंड से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में सात हाथियों की मौत हो गई, जबकि ट्रेन के इंजन समेत पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। राहत की बात ये रही कि इस दुर्घटना में कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ। हादसे के बाद इस रूट से गुजरने वाली कई ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। मौके पर रेलवे और प्रशासन की टीमें तुरंत पहुंचीं और राहत व बहाली का काम शुरू किया गया। होजाई के पुलिस अधीक्षक वी वी राकेश रेड्डी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि टक्कर में सात हाथियों की जान चली गई है। उन्होंने कहा कि बचाव दल मौके पर मौजूद हैं और राजधानी एक्सप्रेस के डिब्बों को दूसरे इंजन से जोड़कर सुरक्षित रूप से स्टेशन से रवाना कर दिया गया है। नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे के प्रवक्ता कपिंजल किशोर शर्मा के मुताबिक, यह हादसा सुबह 2 बजकर 17 मिनट पर हुआ। दुर्घटना लुमडिंग डिवीजन के अंतर्गत जमुनामुख–कांपुर सेक्शन में हुई, जो गुवाहाटी से करीब 126 किलोमीटर दूर है। ट्रेन सैरंग से नई दिल्ली जा रही थी। यह हादसा एक बार फिर रेलवे ट्रैक पर वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। फिलहाल ट्रैक की बहाली का काम जारी है और हालात पर नज़र रखी जा रही है।