
जनकल्याणकारी योजनाओं की लगी प्रदर्शनी, लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और टूलकिट का वितरण; युवाओं ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान।
चंदौली, 17 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद चंदौली में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में विकासखंड बबुरी के शादिया मैरेज लॉन में भव्य जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में विकास, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, कृषि, महिला एवं बाल विकास समेत विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से आमजन को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र लाभार्थियों को जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र एवं टूलकिट आदि वितरित किए गए।
सेवा संकल्प अभियान समाज के वंचित वर्ग तक पहुंचने का संकल्प : साधना सिंह
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्रीमती साधना सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन निस्वार्थ सेवा, त्याग और समर्पण का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज के हर वंचित वर्ग तक विकास की मुख्यधारा पहुंचाने का संकल्प है। केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जा रहा है।
बिना बिचौलिए के पात्र लोगों तक पहुंच रहा योजनाओं का लाभ : रमेश जायसवाल
मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र सहित पूरा जनपद विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को पारदर्शी व्यवस्था के तहत बिना किसी बिचौलिए के सीधे उपलब्ध कराया जा रहा है।
हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता : डीएम
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि जिला प्रशासन शासन की मंशा और जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में शिविर आयोजित कर अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे, यही जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
बबुरी में लगा रक्तदान शिविर, युवाओं ने दिखाया सेवा भाव
अभियान के तहत विशाल रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। इसमें स्थानीय युवाओं, जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध नागरिकों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। बड़ी संख्या में स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने रक्तदान कर मानव सेवा में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
स्वास्थ्य विभाग की विशेषज्ञ टीम ने रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुसार रक्त संग्रह किया। रक्तदान करने वाले लोगों को उत्कृष्ट जनसेवा के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
अधिकारियों के अनुसार ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जनपद के सभी विकासखंडों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, जनपद स्तरीय अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, लाभार्थी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।