श्रावण के चौथे सोमवार को लेकर चंदौली पुलिस ने जारी किया ट्रैफिक डायवर्जन प्लान, 22 अगस्त की रात से लागू रहेगा रूट डायवर्जन।

चंदौली। श्रावण मास के चौथे सोमवार को काशी में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की भीड़ के मद्देनजर चंदौली पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विस्तृत रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। यह डायवर्जन 22 अगस्त 2026 की रात 8 बजे से 25 अगस्त 2026 की सुबह 6 बजे तक प्रभावी रहेगा। पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित डायवर्जन मार्गों का पालन करने की अपील की है।

आलमपुर अंडरपास से भारी वाहनों का डायवर्जन
चंदौली से वाराणसी की ओर जाने वाले भारी एवं मालवाहक वाहनों को आलमपुर अंडरपास से ही डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन डायने NH-19 होते हुए अखरी बाईपास के रास्ते वाराणसी जाएंगे।

गोधना चौराहे से वाहनों का डायवर्जन
बिहार, चंदौली और बबुरी की तरफ से वाराणसी जाने वाले सभी वाहनों को गोधना चौराहा से डायवर्ट कर डायने NH-19 के रास्ते अखरी बाईपास होते हुए वाराणसी भेजा जाएगा।

चकिया तिराहे से बदलेगा रूट
अलीनगर और चंदौली की ओर से आने वाले वाहनों को, जो चकिया तिराहा, मुगलसराय और पड़ाव होते हुए वाराणसी जाना चाहते हैं, गंजी प्रसाद चौराहा (चकिया तिराहा) से गोधना चौराहे की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद वाहन डायने NH-19 से अखरी बाईपास होते हुए वाराणसी जाएंगे।

पड़ाव की ओर जाने वाले भारी वाहनों पर रोक
मुगलसराय से पड़ाव होते हुए वाराणसी जाने वाले भारी एवं मालवाहक वाहनों को रामनगर की ओर डायवर्ट कर डायने NH-19 के रास्ते अखरी बाईपास भेजा जाएगा।

बाहरी जनपदों के लिए पंचफेड़वा से डायवर्जन
चंदौली से जौनपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ जाने वाले कार, मालवाहक एवं छोटे वाहनों को पंचफेड़वा रिंग रोड से डायवर्ट किया जाएगा। वाहन रिंग रोड के माध्यम से अपने गंतव्य तक जाएंगे।

कटरिया तिराहे पर ट्रकों का प्रवेश निषेध
कटरिया तिराहे से रामनगर-पड़ाव की ओर जाने वाले ट्रक एवं मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

शाहूपुरी तिराहे से डायवर्जन
रामनगर की तरफ से पड़ाव आने वाले और मुगलसराय जाने वाले वाहनों को शाहूपुरी तिराहे से एफसीआई तिराहे की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

लंका मैदान तिराहे पर मालवाहक वाहनों को रोका जाएगा
हाईवे से लंका मैदान तिराहा, रामनगर होते हुए पड़ाव आने वाले ट्रक एवं मालवाहक वाहनों को लंका मैदान पर ही रोक दिया जाएगा।

पीएससी तिराहे से वाहनों का डायवर्जन
कटरिया और रामनगर की तरफ से आने वाले जिन वाहनों को पड़ाव होते हुए वाराणसी अथवा पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर जाना है, उन्हें पीएससी तिराहे से कटरिया और NH-19 की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

एफसीआई गोदाम तिराहे से रूट बदलेगा
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर की तरफ से पड़ाव होते हुए रामनगर और वाराणसी जाने वाले वाहनों को एफसीआई गोदाम से साहूपुरी रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

कोयला मंडी पड़ाव से भारी वाहनों पर रोक
कोयला मंडी से आने वाले भारी वाहन एवं ट्रक पड़ाव की तरफ नहीं जा सकेंगे।

नवही नहर पर निर्माणाधीन पुलिया के कारण अलग रूट प्लान

श्रावण माह के दौरान नवही नहर पर निर्माणाधीन पुलिया के कारण श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है।

धरौली और चकिया की तरफ से दोपहिया एवं हल्के वाहनों से आने वाले श्रद्धालु/कांवड़िये नवही चौराहे से करीब 200 मीटर उत्तर की ओर स्थित छोटी पुलिया से होते हुए कस्बा चंदौली पहुंचेंगे और वहां से NH-19 के रास्ते अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।

वहीं, चंदौली और चकिया की ओर से भारी वाहन, चार पहिया एवं हल्के वाहनों से आने वाले श्रद्धालु/कांवड़िये नवही चौराहे से भगवानपुर तालाब होते हुए NH-19 के रास्ते अपने गंतव्य तक जाएंगे।

चंदौली पुलिस ने श्रावण मास के चौथे सोमवार के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए वाहन चालकों और श्रद्धालुओं से निर्धारित रूट का पालन करने, यातायात पुलिस के निर्देशों का सहयोग करने और अनावश्यक भीड़ से बचने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *