
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार प्रातः वाराणसी पहुंचे, जहां उन्होंने धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में सहभागिता करते हुए जनसम्पर्क स्थापित किया। अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने सर्वप्रथम श्री काशी विश्वनाथ मंदिर एवं बाबा कालभैरव मंदिर में विधिवत् दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
इसके उपरांत मुख्यमंत्री बड़ा लालपुर (चांदमारी) स्थित उदय प्रताप कॉलेज के अर्थशास्त्र के प्रोफेसर डॉ. राजीव कृष्ण के आवास पर आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने परिवारजनों को शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद प्रदान किया तथा उपस्थित लोगों से आत्मीय संवाद भी किया।
मुख्यमंत्री के स्वागत हेतु भाजपा कार्यकर्ता नटिनिया दाई मंदिर के समीप एकत्रित हुए, जहां पुष्प वर्षा कर उनका भव्य अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर कहा कि सरकार जनहित के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है और आमजन की समस्याओं के समाधान हेतु निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने यह भी कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन समाज में एकता और समरसता को बढ़ावा देते हैं।
इस दौरान प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन समन्वय मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, आयुष एवं खाद्य सुरक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, एमएलसी धर्मेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक डॉ. अवधेश सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री पुलिस लाइन से प्रयागराज के लिए प्रस्थान कर गए।