सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अवैध कट बंद करने, ब्लैक स्पॉट सुधारने और यातायात व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश

चंदौली, 8 जून 2026:
जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा सड़क सुरक्षा नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित सभी स्कूली वाहनों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
राष्ट्रीय राजमार्गों पर दुर्घटनाओं का कारण बन रहे अवैध कटों पर चिंता व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने उन्हें तत्काल बंद कराने का निर्देश दिया। इस पर एनएचएआई के डेवलपमेंट मैनेजर ने बताया कि अधिकांश अवैध कट बंद कर दिए गए हैं तथा शेष कटों को भी शीघ्र बंद कराया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर आवश्यक सुधार कार्य कराने, सड़क संकेतक एवं चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। साथ ही रिंग रोड के अधिकारियों को सड़क किनारे अवैध रूप से लगी गुमटियों को तत्काल हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने ओवरलोडिंग तथा तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही जनहानि का कारण बन सकती है। बैठक में एनएचएआई और रिंग रोड के अधिकारियों द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने भारतमाला परियोजना के तहत संचालित सभी डंपरों एवं उनके चालकों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि यातायात और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की प्रभावी निगरानी की जा सके।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सर्वेश गौतम, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी राजेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।