
चकिया सम्पूर्ण समाधान दिवस में 42 शिकायतें पहुंचीं, 7 मामलों का मौके पर निस्तारण; एसपी आकाश पटेल ने पुलिस मामलों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
चन्दौली, 19 सितम्बर 2026। आमजन की समस्याओं के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को चकिया तहसील सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि धरातल पर गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से किया जाए।
इस दौरान राजस्व, पुलिस, विकास और भूमि विवाद समेत विभिन्न मामलों से संबंधित कुल 42 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। अधिकारियों द्वारा 7 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि 5 मामलों में टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए गए। शेष प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध एवं निष्पक्ष कार्रवाई के लिए सौंपा गया।
भूमि विवाद और अवैध कब्जों पर प्राथमिकता से कार्रवाई
डीएम चंद्र मोहन गर्ग ने भूमि विवाद से जुड़े मामलों में भूमि पैमाइश, अवैध कब्जे तथा राजस्व-पुलिस से संबंधित संयुक्त मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ऐसे मामलों में मौके पर जाकर जांच की जाए और नियमानुसार निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बारिश के कारण जलजमाव और जल-निकासी की समस्याओं को लेकर भी जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। वहीं क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और मेंटेनेंस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने को कहा गया।
फर्जी आख्या मिली तो होगी सख्त कार्रवाई
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। यदि किसी अधिकारी द्वारा शिकायत के निस्तारण में लापरवाही या फर्जी आख्या प्रस्तुत करने का मामला सामने आया तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
समाधान दिवस में सामुदायिक शौचालय ईशापुर कला के केयरटेकर ने मानदेय का भुगतान न होने की शिकायत की। डीएम के निर्देश पर डीपीआरओ ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में पूर्व सचिव की लापरवाही से भुगतान लंबित होने की बात सामने आई। इसके बाद डीपीआरओ ने वर्तमान सचिव और ग्राम प्रधान को बकाया मानदेय का भुगतान जल्द कराने के निर्देश दिए।
एसपी आकाश पटेल ने पुलिस मामलों की समीक्षा की
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की समीक्षा करते हुए थानों से जुड़े मामलों का निष्पक्ष और त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को फरियादियों की समस्याओं पर गंभीरता से कार्रवाई करने को कहा।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में मुख्य चिकित्साधिकारी, डीसी मनरेगा, उप जिलाधिकारी चकिया, क्षेत्राधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी (बाल विकास), अधिशासी अभियंता विद्युत, नायब तहसीलदार सहित राजस्व, विकास, विद्युत एवं अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।