
चन्दौली। पुलिस अधीक्षक चन्दौली के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना मुगलसराय पुलिस टीम द्वारा खड़ी गाड़ियों से तेल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 09.02.2026 को वादी छित्तमल मीणा पुत्र लक्ष्मण मीणा निवासी जनपद अलवर (राजस्थान) द्वारा थाना मुगलसराय पर तहरीर दी गई थी कि वह अपने 18 चक्का ट्रेलर (RJ-14GG OT 35) से बीरगंज (नेपाल) से रिफाइन्ड ऑयल लोड कर वाराणसी उद्योग पड़ाव के लिए जा रहा था। दिनांक 08.02.2026 की रात्रि लगभग 01:00 बजे रास्ता न जानने के कारण उसने अपनी गाड़ी मौजा छिमिया क्षेत्र में खड़ी कर दी। उसी दौरान अज्ञात चोरों द्वारा गाड़ी का रस्सा काटकर एवं तिरपाल फाड़कर 47 डिब्बा रिफाइन्ड ऑयल चोरी कर लिया गया तथा गाड़ी की टंकी से डीजल भी निकाल लिया गया। साथ ही अन्य दो वाहनों से भी डीजल चोरी की घटना सामने आई।
प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना मुगलसराय पर मु0अ0सं0-59/2026 धारा 305(बी) बीएनएस में अभियोग पंजीकृत कर विवेचना प्रारंभ की गई।
मामले के अनावरण हेतु उच्चाधिकारियों के निर्देशन में गठित पुलिस टीम द्वारा इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों एवं अन्य तथ्यों के आधार पर प्रकाश में आए अभियुक्त को मुखबिर की सूचना पर दिनांक 03.05.2026 को प्रातः लगभग 08:30 बजे गंजी प्रसाद तिराहा के पास से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान आदर्श मिश्रा उर्फ छोटू पुत्र कतवारू मिश्रा निवासी डबरिया (पैगापर), थाना धानापुर, जनपद चन्दौली (उम्र करीब 26 वर्ष) के रूप में हुई।
पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर रिंग रोड व अन्य हाईवे के किनारे खड़ी गाड़ियों से डीजल व सामान चोरी करता था तथा चोरी किए गए सामान को अपने सहयोगियों के माध्यम से बेच देता था। डीजल को ट्रैक्टर चालकों को बेचने या स्वयं उपयोग में लाने की बात भी स्वीकार की गई।
अभियुक्त के विरुद्ध मु0अ0सं0-59/2026 धारा 305(बी)/317(2)/317(4) बीएनएस थाना मुगलसराय, जनपद चन्दौली में अभियोग पंजीकृत है। गिरफ्तारी के आधार पर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है तथा अन्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम:
- थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, थाना मुगलसराय, जनपद चन्दौली
- उपनिरीक्षक ओमप्रकाश प्रजापति, थाना मुगलसराय, जनपद चन्दौली
- उपनिरीक्षक रामकेर यादव, थाना मुगलसराय, जनपद चन्दौली
पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई निरंतर जारी है।
— समाप्त —