
सितंबर के अंतिम सप्ताह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित वाराणसी दौरे की चर्चा, दोनों महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के उद्घाटन की तैयारी तेज।
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में विकास की रफ्तार तेज होती दिखाई दे रही है। शहर की दो बहुप्रतीक्षित और महत्वाकांक्षी परियोजनाओं—गंजारी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और कैंट से गोदौलिया तक सार्वजनिक परिवहन रोपवे—की ताजा प्रगति रिपोर्ट प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) को भेज दी गई है।
दोनों परियोजनाएं अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। ऐसे में सितंबर 2026 के अंतिम सप्ताह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित वाराणसी दौरे के दौरान इन बड़ी परियोजनाओं के उद्घाटन की संभावना को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। हालांकि, प्रधानमंत्री के दौरे और कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि अभी होना बाकी है।
गंजारी स्टेडियम का लगभग 95 फीसदी काम पूरा
वाराणसी के गंजारी क्षेत्र में करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण कार्य तेजी से अंतिम रूप ले रहा है। स्टेडियम में फ्लडलाइट और दर्शक दीर्घा में सीटों से जुड़े प्रमुख कार्य पूरे किए जा चुके हैं।
शुरुआती चरण में इस भव्य स्टेडियम में करीब 30 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी, जिसे भविष्य में बढ़ाकर लगभग 40 हजार तक किए जाने की योजना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23 सितंबर 2023 को इस परियोजना की आधारशिला रखी थी।
कैंट से गोदौलिया तक रोपवे परियोजना भी अंतिम चरण में
उधर, वाराणसी की यातायात व्यवस्था को नई दिशा देने वाली कैंट-गोदौलिया अर्बन पब्लिक ट्रांसपोर्ट रोपवे परियोजना का काम भी तेजी से पूरा किया जा रहा है। करीब 3.75 किलोमीटर लंबे रूट पर कैंट, काशी विद्यापीठ और रथयात्रा स्टेशनों का निर्माण काफी हद तक पूरा हो चुका है, जबकि गोदौलिया स्टेशन पर शेष कार्य तेजी से कराया जा रहा है।
प्रशासन का फोकस परियोजना को जल्द पूरा कर ट्रायल और आवश्यक सुरक्षा प्रक्रियाओं को समय पर पूरा कराने पर है।
पीएमओ तक पहुंची प्रगति रिपोर्ट, बढ़ी उद्घाटन की उम्मीद
जिला प्रशासन द्वारा दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं की मौजूदा स्थिति और तैयारियों की रिपोर्ट पीएमओ को भेजे जाने के बाद काशीवासियों की उम्मीदें बढ़ गई हैं। यदि प्रस्तावित कार्यक्रम को अंतिम मंजूरी मिलती है तो सितंबर के अंतिम सप्ताह में वाराणसी को खेल और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र में दो बड़ी सौगातें मिल सकती हैं।
गंजारी का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम जहां वाराणसी को वैश्विक खेल मानचित्र पर नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा, वहीं कैंट-गोदौलिया रोपवे शहर की यातायात व्यवस्था और पर्यटकों की आवाजाही को नई सुविधा देने वाला साबित हो सकता है।