सत्यम मिश्रा बने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के नए CEO, प्रयागराज से वाराणसी हुआ तबादला।

वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में नए मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) की तैनाती कर दी गई है। प्रशासनिक फेरबदल के तहत प्रयागराज के अपर जिलाधिकारी (नगर) श्री सत्यम मिश्रा को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर एवं विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद, वाराणसी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जारी स्थानांतरण आदेश में सत्यम मिश्रा का नाम पहले क्रम पर दर्ज है। उन्हें प्रयागराज के अपर जिलाधिकारी (नगर) पद से स्थानांतरित करते हुए वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर के CEO की जिम्मेदारी दी गई है।

सत्यम मिश्रा के अलावा आदेश में अन्य अधिकारियों के भी स्थानांतरण किए गए हैं। मंगलेश दुबे, अपर जिलाधिकारी (नगर) प्रयागराज का अतिरिक्त कार्यभार संभालेंगे, जबकि अरविंद कुमार द्विवेदी को संयुक्त सचिव, लखनऊ विकास प्राधिकरण बनाया गया है। वहीं सीमा पाण्डेय, अपर नगर आयुक्त, नगर निगम वाराणसी को अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), फिरोजाबाद के पद पर भेजा गया है।

काशी विश्वनाथ मंदिर के CEO के रूप में सत्यम मिश्रा के सामने मंदिर प्रशासन, श्रद्धालुओं की सुविधाओं और विशिष्ट क्षेत्र से जुड़े कार्यों के संचालन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *