मुगलसराय में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 8 आरोपी गिरफ्तार; 3.50 लाख नकद समेत सोने-चांदी के आभूषण बरामद।

दिन में बंद मकानों की रेकी, रात में ताला तोड़कर करते थे चोरी; चोरी के रुपये से खरीदी गई वेन्यू कार भी बरामद।

चंदौली। मुगलसराय थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए अंतरजनपदीय/अंतरराज्यीय गिरोह के 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी दिन के समय बंद और सूने मकानों की रेकी करते थे और रात में ताला तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर 3 लाख 50 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, दो लैपटॉप, एलईडी टीवी, गैस सिलेंडर समेत चोरी का अन्य सामान बरामद किया है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा और चोरी के रुपये से खरीदी गई वेन्यू कार भी पुलिस ने बरामद की है।

लगातार हो रही चोरी के बाद गठित की गई थीं टीमें

पुलिस के मुताबिक थाना मुगलसराय क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाओं की सूचना डायल-112 और थाने पर प्राप्त हो रही थी। शिकायतों के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए और घटनाओं के अनावरण के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया।

25 अगस्त 2026 को सिद्धार्थपुरम कॉलोनी निवासी बाबूलाल प्रसाद यादव अपने पिता की तेरहवीं में परिवार के साथ गांव गए थे। रात करीब 11:45 बजे लौटने पर घर के ताले टूटे मिले और सामान बिखरा था। शिकायत के अनुसार करीब पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, एलईडी टीवी, कपड़े और 80 हजार रुपये नकद चोरी हुए थे। इस मामले में मु0अ0सं0 445/2026 दर्ज किया गया।

26 अगस्त 2026 को आरपीएफ कॉलोनी स्थित रेलवे क्वार्टर संख्या 1610 में पीछे की खिड़की तोड़कर चोरी की गई। यहां से सोने की चेन, दो अंगूठियां, गैस सिलेंडर, 24 इंच का टीवी और 3500 रुपये नकद चोरी हुए। इस मामले में मु0अ0सं0 441/2026 दर्ज हुआ।

इसी तरह 1 अगस्त 2026 को इंडियन इंस्टीट्यूट कॉलोनी के क्वार्टर संख्या 379 EF में चोरी हुई। शिकायत के अनुसार सोने के झुमके, टॉप्स, चेन, दो पायल, दो अंगूठियां, नथुनी और एक लाख रुपये नकद चोरी किए गए। मामले में मु0अ0सं0 387/2026 दर्ज किया गया।

31 अगस्त 2026 को न्यू सेंट्रल कॉलोनी निवासी रोहित कुमार के घर से आठ हजार रुपये नकद और करीब 50 हजार रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी हुए। इस मामले में मु0अ0सं0 453/2026 दर्ज किया गया।

वहीं 20/21 अगस्त 2026 की रात ओल्ड सेंट्रल कॉलोनी स्थित रेलवे क्वार्टर से एक लैपटॉप, सोने की अंगूठी और 7500 रुपये नकद चोरी किए गए थे। इस मामले में मु0अ0सं0 476/2026 दर्ज किया गया।

मुखबिर की सूचना पर आठों आरोपी दबोचे गए

पुलिस अधीक्षक चंदौली आकाश पटेल के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर और क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में स्वाट, सर्विलांस और थाना मुगलसराय पुलिस की संयुक्त टीम चोरी की घटनाओं के खुलासे में जुटी थी।

16 सितंबर 2026 को पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि इंडियन इंस्टीट्यूट नाच घर के पास सफेद रंग की वेन्यू कार और ऑटो रिक्शा के पास कुछ संदिग्ध लोग चोरी के माल के बंटवारे को लेकर बातचीत कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे तथा उनकी निशानदेही पर चोरी का सामान और नकदी बरामद हुई। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है।

पूछताछ में सामने आया चोरी का तरीका

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिन में ऐसे मकानों की रेकी करते थे, जिनमें लोग बाहर गए होते थे या मकान सूना रहता था। इसके बाद रात में मौका देखकर ताला तोड़कर घर में प्रवेश करते और नकदी व कीमती सामान चोरी कर लेते थे। चोरी के सामान और रुपये को आपस में बांट लेते थे।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने थाना मुगलसराय, थाना चंदौली और थाना बलुआ क्षेत्र में कई चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।

गिरफ्तार आरोपी

  1. प्रशान्त सोनी उर्फ बाबू सेठ, पुत्र मनोज कुमार सोनी, निवासी वी मार्ट के पीछे सर्कस रोड, थाना मुगलसराय, उम्र करीब 30 वर्ष।
  2. विशाल भारती, पुत्र स्व. जवाहर भारती, निवासी हनुमानपुर शाहकुटी, थाना मुगलसराय, उम्र करीब 31 वर्ष।
  3. रहमान उर्फ आंखी, पुत्र रहमतुल्लाह, निवासी काशीराम आवास चतुर्भुजपुर, थाना मुगलसराय, उम्र करीब 24 वर्ष।
  4. राजेश सिंह, पुत्र उदय प्रताप सिंह, निवासी जायसवाल स्कूल के पास, पाल जी के घर में किरायेदार, थाना मुगलसराय, उम्र करीब 19 वर्ष।
  5. अनिल गुप्ता, पुत्र कैलाश गुप्ता, निवासी काली महाल सहजौर रोड, थाना मुगलसराय, उम्र करीब 19 वर्ष।
  6. दीपक जायसवाल उर्फ रवीन्द्र कुमार जायसवाल, पुत्र सर्वजीत प्रसाद, निवासी ग्राम महेवा, थाना अलीनगर, उम्र करीब 35 वर्ष।
  7. तुषार वर्मा, पुत्र मनोज वर्मा, निवासी कसाब महाल, थाना मुगलसराय, अस्थायी पता तुषार ज्वेलर्स, मस्त लाज गली, वेस्टर्न बाजार, उम्र करीब 23 वर्ष।
  8. लकी जायसवाल, पुत्र स्व. दिनेश जायसवाल, निवासी गल्ला मंडी सुपर मार्केट, थाना मुगलसराय, उम्र करीब 20 वर्ष।

किस आरोपी के पास से क्या मिला

पुलिस के अनुसार प्रशान्त सोनी के पास से 50 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल, विशाल भारती के पास से 50 हजार रुपये और तीन मोबाइल, रहमान के पास से 30 हजार रुपये, एक जोड़ी पायल और मोबाइल, राजेश सिंह के पास से 30 हजार रुपये और मोबाइल, अनिल गुप्ता के पास से 30 हजार रुपये और मोबाइल, दीपक जायसवाल के पास से 30 हजार रुपये और मोबाइल, तुषार वर्मा के पास से एक लाख रुपये और दो मोबाइल, जबकि लकी जायसवाल के पास से 30 हजार रुपये और मोबाइल बरामद हुआ।

इस तरह पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 3 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद किए।

यह सामान भी हुआ बरामद

पुलिस के अनुसार आरोपियों की निशानदेही पर—

  • 02 डेल कंपनी के लैपटॉप
  • 01 सोनी कंपनी की एलईडी टीवी
  • 01 इंडेन गैस सिलेंडर
  • 02 जोड़ी सफेद धातु की पायल
  • 03 मीना/सफेद धातु के आभूषण
  • 01 पीली धातु की अंगूठी
  • 01 पीली धातु की कान की बाली
  • वेन्यू कार संख्या UP67AB8628
  • ऑटो रिक्शा संख्या UP65JT0599

बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक वेन्यू कार चोरी के रुपये से खरीदी गई थी।

कई मुकदमों में दर्ज है आरोपियों का आपराधिक इतिहास

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में कई के खिलाफ पहले से भी मुकदमे दर्ज हैं। प्रशान्त सोनी के खिलाफ मुगलसराय, चंदौली और बलुआ थानों में चोरी के कुल 9 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। वहीं विशाल भारती के खिलाफ 12 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें वर्ष 2015 का मामला और वर्ष 2022 का हत्या से संबंधित मुकदमा भी शामिल है।

रहमान उर्फ आंखी के खिलाफ पुलिस रिकॉर्ड में 16 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। इनमें वर्ष 2018 का मामला तथा वर्ष 2023 और 2024 में चोरी से संबंधित कई मुकदमे शामिल हैं।

तुषार वर्मा के खिलाफ 10 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं, जबकि अनिल गुप्ता के खिलाफ 10 मुकदमे दर्ज हैं। लकी जायसवाल के खिलाफ भी पुलिस रिकॉर्ड में पुराने मामलों समेत 12 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

इसके अलावा राजेश सिंह और दीपक जायसवाल के खिलाफ भी वर्ष 2025-26 के दौरान चोरी से संबंधित कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

पुलिस टीम रही शामिल

इस कार्रवाई में थाना मुगलसराय के थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह, चौकी प्रभारियों शिवपूजन बिन्द, सतीश प्रकाश और विजय राज, उपनिरीक्षक सुभाष प्रसाद व त्रिवेणी प्रसाद समेत थाना मुगलसराय के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

स्वाट/सर्विलांस टीम में निरीक्षक राम जन्म यादव, उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा समेत हेड कांस्टेबल अरविंद भारद्वाज, राणा प्रताप सिंह, रामानंद यादव, आशुतोष सिंह, सतीश पटेल, आदित्य पाण्डेय, प्रेम प्रकाश यादव, मन्टू सिंह तथा कांस्टेबल अजीत कुमार सिंह, अमित सिंह, महेश यादव, गणेश तिवारी, मनीष कुमार, मनोज यादव और संदीप कुमार शामिल रहे।

पुलिस का कहना है कि बरामदगी और गिरफ्तारियों के आधार पर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *