मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल ने सुभाष नगर के लोगों की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को दिए न्यायपूर्ण कार्रवाई के निर्देश।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल ने अपने विधानसभा क्षेत्र के नगरीय क्षेत्र स्थित सुभाष नगर में पहुंचकर स्थानीय लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

विधायक रमेश जायसवाल ने बताया कि सुभाष नगर में कई परिवारों ने वर्षों की मेहनत और खून-पसीने की कमाई से भूमि खरीदी थी। दस्तावेजों की जांच के बाद जमीन का दाखिल-खारिज भी कराया गया, लेकिन हाल ही में प्रशासन द्वारा उक्त भूमि को तालाब की भूमि बताते हुए ध्वस्तीकरण का नोटिस जारी किया गया है। इससे क्षेत्र के लोगों में चिंता और असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई है।

स्थानीय नागरिकों की सूचना पर विधायक स्वयं मौके पर पहुंचे और प्रभावित लोगों से विस्तार से बातचीत कर उनकी समस्याओं को जाना। इसके बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय न हो तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं न्यायसंगत जांच सुनिश्चित की जाए।

श्री जायसवाल ने कहा कि जनता के अधिकारों की रक्षा उनकी प्राथमिकता है और किसी भी नागरिक के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रभावित लोगों को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

विधायक के सुभाष नगर पहुंचने पर स्थानीय नागरिकों ने उनका स्वागत किया तथा अपनी समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता दिखाने के लिए आभार व्यक्त किया। विधायक ने भी क्षेत्रवासियों के स्नेह और विश्वास के लिए धन्यवाद देते हुए हर परिस्थिति में उनके साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *