
वाराणसी। आजादी के 80वें वर्ष की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को शिवपुर स्थित अन्नपूर्णा ऋषिकुल के बटुकों ने देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देते हुए भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। सुबह करीब 7 बजे शुरू हुई यात्रा में बटुकों ने हाथों में तिरंगा लेकर ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष के साथ लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना जगाई। इस दौरान लोगों को 500 राष्ट्रीय ध्वज भी वितरित किए गए।
दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने भारत माता के स्वरूप में सजे बटुक की आरती उतारी और अन्नपूर्णा ऋषिकुल से तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा शिवपुर बाजार से होते हुए संत अतुलानंद चौराहा पहुंची, जहां बटुकों और आचार्यों ने देश सेवा और राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया।
इसके बाद तिरंगा यात्रा बाबतपुर बाईपास होते हुए वापस शिवपुर आश्रम पहुंची। यहां राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र देशभक्ति के नारों से गूंजता रहा और लोगों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं राष्ट्रप्रेम का भाव देखने को मिला।
अन्नपूर्णा मंदिर के महंत शंकरपुरी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्रीय गौरव और एकता का प्रतीक है। मजहब बाद में, देश पहले है। मतभेदों से ऊपर उठकर यह अभियान संदेश देता है कि हम सभी सबसे पहले भारतीय हैं।
कार्यक्रम में संयुक्त शिक्षा निदेशक दिनेश सिंह, निरीक्षक संस्कृत पाठशाला परमानंद सिंह, प्रदीप श्रीवास्तव सहित ऋषिकुल के आचार्य, शिक्षक एवं विद्यालय परिवार के सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य आशुतोष मिश्र ने किया।
अन्नपूर्णा ऋषिकुल के बटुकों की अनुशासित और देशभक्ति से ओतप्रोत इस तिरंगा यात्रा ने शिवपुर क्षेत्र में राष्ट्रप्रेम का माहौल बना दिया।