जनपद चंदौली।झूठे मुकदमे के खिलाफ संपादक ने चंदौली एसपी को सौंपा ज्ञापन, पत्रकारों के हित में निष्पक्ष जांच की मांग।

चंदौली। सकलडीहा तहसील क्षेत्र में तैनात पूर्ति निरीक्षक चहनिया द्वारा निष्पक्ष धारा के संपादक धनंजय ओझा के खिलाफ लगाए गए आरोप एवं दर्ज मुकदमे को लेकर पत्रकारों में नाराजगी है। मामले की निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच की मांग को लेकर संपादक धनंजय ओझा के नेतृत्व में पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने चंदौली पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से पत्रकारों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर वास्तविक तथ्यों को सामने लाने की मांग की। पत्रकारों का कहना है कि संपादक समाचार के संबंध में जानकारी प्राप्त करने के लिए संबंधित अधिकारी से संपर्क कर रहे थे। इसी दौरान उत्पन्न हुए विवाद को आधार बनाकर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया, इसलिए मामले की निष्पक्ष जांच बेहद आवश्यक है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान निष्पक्ष धारा के वाराणसी मंडल ब्यूरो प्रमुख चंद्रभान सिंह, तुफानी जौनपुर ब्यूरो, विद्याभूषण सिंह, बलिया ब्यूरो डी. प्रसाद, देवरिया ब्यूरो ओमप्रकाश विश्वकर्मा, आजमगढ़ ब्यूरो वेदप्रकाश मौर्य सहित कई पत्रकार मौजूद रहे।

पत्रकारों ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारों को निष्पक्ष एवं स्वतंत्र रूप से समाचार संकलन और सवाल पूछने का अधिकार है। पत्रकारों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की कार्रवाई से पहले तथ्यों की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए, ताकि किसी निर्दोष के साथ अन्याय न हो।

वहीं, पुलिस अधीक्षक ने पत्रकारों एवं संपादक को मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। एसपी के आश्वासन के बाद पत्रकारों ने उम्मीद जताई कि पुलिस जांच में पूरे प्रकरण के वास्तविक तथ्यों को सामने लाया जाएगा। अब सभी की निगाहें जांच के निष्पक्ष परिणाम पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *