चंदौली: 25 हजार का इनामी लुटेरा गिरफ्तार, लूट के 2,200 रुपये, चोरी की बाइक और तमंचा बरामद।

चंदौली। मुगलसराय थाना पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए लूट की घटना का सफल अनावरण करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त हरीश पाण्डेय को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से लूट की शेष 2,200 रुपये की नकदी, एक चोरी की मोटरसाइकिल, एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक सैमसंग मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 21 मई 2026 को शक्ति इंटरप्राइजेज के सेल्समैन से ग्राम चौरहट के पास करीब 1.34 लाख रुपये की लूट की गई थी। पीड़ित विभिन्न दुकानों से वसूली कर वापस लौट रहा था, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच बदमाशों ने उसे धक्का देकर गिराया और नगदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए थे। इस मामले में पहले ही चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि फरार हरीश पाण्डेय पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 30/31 जुलाई की रात एम्बीशन स्कूल के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि लूट की रकम सभी साथियों में बराबर बांटी गई थी और उसके हिस्से में आए अधिकांश रुपये उसने खर्च कर दिए। बरामद 2,200 रुपये उसी लूट की बची हुई रकम है।

आरोपी ने यह भी कबूल किया कि बरामद मोटरसाइकिल वाराणसी क्षेत्र से चोरी की गई थी, जिसका उपयोग वह आपराधिक गतिविधियों में करता था। साथ ही बरामद अवैध तमंचा उसने बिहार से खरीदने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई में मुगलसराय पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *