चंदौली में मिड-डे मील पर बड़ा सवाल: बच्चे की थाली में निकला कीड़ा, बीएसए ने बैठाई जांच; दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई.

चंदौली |

चंदौली जनपद के पीडीडीयू नगर क्षेत्र स्थित एक सरकारी विद्यालय में मिड-डे मील की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शुक्रवार को कंपोजिट विद्यालय पूर्वी बाजार में बच्चों को परोसे गए भोजन के दौरान एक छात्र की थाली में कीड़ा मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही शिक्षा विभाग सक्रिय हो गया और तत्काल जांच के आदेश जारी कर दिए गए।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) सचिन कुमार ने बताया कि 31 जुलाई को एनजीओ ‘महिला एवं विकास संस्थान, मोदीनगर (गाजियाबाद)’ द्वारा प्रतिदिन की तरह पीडीडीयू नगर क्षेत्र के 13 विद्यालयों में मिड-डे मील का वितरण किया गया था। इसी दौरान कंपोजिट विद्यालय पूर्वी बाजार में एक बच्चे की थाली में कीड़ा पाए जाने की सूचना मिली।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बीएसए ने तत्काल प्रशासनिक जांच बैठा दी है। उन्होंने कहा कि जांच निष्पक्ष तरीके से कराई जा रही है और यदि किसी संस्था, एजेंसी या संबंधित पक्ष की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ तत्काल कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद शिक्षा विभाग ने क्षेत्र के अन्य विद्यालयों में भी मिड-डे मील की गुणवत्ता और स्वच्छता की निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। बच्चों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने को लेकर विभाग ने संबंधित अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के लिए कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *