
चंदौली। मुगलसराय थाना क्षेत्र के कबीरपुर गांव में हाईकोर्ट के आदेश पर चल रहे भूमि सीमांकन कार्य के दौरान सरकारी टीम पर हमला करने, महिला पुलिसकर्मियों से मारपीट करने तथा सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से सीमांकन कार्य में प्रयुक्त जरीब और महिला आरक्षी का छीना गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 27 जून को इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में ग्राम कबीरपुर स्थित गाटा संख्या-11 की पैमाइश एवं सीमांकन का कार्य राजस्व विभाग और पुलिस टीम की मौजूदगी में किया जा रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने सीमांकन का विरोध करते हुए सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की और पुलिस व राजस्व अधिकारियों पर हमला कर दिया।
आरोप है कि उपद्रवियों ने सीमांकन कार्य में इस्तेमाल हो रही जरीब छीन ली, सरकारी कार्य रुकवा दिया तथा राजस्व और पुलिस कर्मियों के साथ अभद्रता की। घटना का वीडियो बना रही महिला आरक्षी से मारपीट कर उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया। इस दौरान ईंट-पत्थरबाजी में तीन महिला आरक्षी घायल हो गईं, जबकि मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
राजस्व निरीक्षक वीर बहादुर की तहरीर पर मुगलसराय थाने में विभिन्न धाराओं सहित सीएलए एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की एक अतिरिक्त धारा भी बढ़ाई गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में मुगलसराय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सतीश सोनकर, शिवम सोनकर उर्फ अंशु कुमार, सन्नी सोनकर, सुशील सोनकर, गीता देवी, नगीना कुमारी उर्फ मधु तथा सोनी देवी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने पप्पू सोनकर के कब्जे से सीमांकन में प्रयुक्त जरीब और सोनी देवी के कब्जे से महिला आरक्षी का ओप्पो K10 मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा अन्य वांछित आरोपियों की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के विरुद्ध पूर्व से भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।