थाना चन्दौली, सैयदराजा, अलीनगर व मुगलसराय: हाईवे पर अवैध पार्किंग कराने वाले 20 ढाबा संचालकों पर मुकदमा।

चन्दौली, 7 जुलाई। सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए चन्दौली पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध पार्किंग कराने वाले ढाबा एवं होटल संचालकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पूर्व में नोटिस और चेतावनी दिए जाने के बावजूद नियमों का उल्लंघन करने पर 20 ढाबा एवं होटल संचालकों तथा 5 वाहन चालकों के विरुद्ध कुल 12 मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक चन्दौली के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्थित ढाबों और होटलों के बाहर मुख्य सड़क पर अवैध रूप से वाहन खड़े कराए जाने की शिकायतों पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि इससे यातायात बाधित हो रहा था और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा था। पहले सभी संचालकों को नोटिस देकर चेतावनी दी गई थी, लेकिन निर्देशों का पालन न करने पर अब उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

थानावार कार्रवाई इस प्रकार रही—

  • थाना चन्दौली: 6 ढाबा एवं होटल संचालकों के विरुद्ध 3 मुकदमे दर्ज।
  • थाना सैयदराजा: 3 ढाबा एवं होटल संचालकों तथा 5 वाहन चालकों के विरुद्ध 3 मुकदमे दर्ज।
  • थाना अलीनगर: 8 ढाबा एवं होटल संचालकों के विरुद्ध 5 मुकदमे दर्ज।
  • थाना मुगलसराय: 3 ढाबा एवं होटल संचालकों के विरुद्ध 1 मुकदमा दर्ज।

चन्दौली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने, राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध पार्किंग कराने और यातायात व्यवस्था बाधित करने वालों के विरुद्ध आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *