
चन्दौली, 7 जुलाई। थाना मुगलसराय पुलिस और एसओजी चन्दौली की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी नंबर प्लेट लगी रेनाल्ट डस्टर कार से 24 किलो 800 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। मामले में बिहार निवासी एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक चन्दौली के निर्देशन में प्रभारी थानाध्यक्ष राजीव त्रिपाठी के नेतृत्व में थाना मुगलसराय पुलिस, औद्योगिकनगर चौकी पुलिस एवं एसओजी टीम पटनवा तिराहे पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर मिल्कीपुर-ताहिरपुर हाईवे पर घेराबंदी की गई। मिर्जापुर की ओर से आ रही एक काले रंग की रेनाल्ट डस्टर कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को रोककर चालक को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान कार की डिग्गी में रखे दो प्लास्टिक के बोरों से 24 बंडलों में पैक 24.800 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। जांच में यह भी सामने आया कि कार पर लगी नंबर प्लेट फर्जी थी और किसी अन्य वाहन की थी। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने अपना नाम उमाकान्त उर्फ हिमांशु पुत्र गोपाल प्रसाद चन्द्रवंशी, निवासी बंधन टोला आरा, थाना नवादा, जनपद भोजपुर (बिहार) बताया। उसने स्वीकार किया कि वह पुलिस से बचने के लिए कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर मिर्जापुर से गांजा लाकर वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर सप्लाई करने जा रहा था। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
इस संबंध में थाना मुगलसराय पर मु0अ0सं0 328/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट तथा धारा 318(4), 338, 336(3) एवं 340(2) बीएनएस में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।