थाना मिर्जामुराद: शादी का झांसा देकर यौन शोषण के आरोप में युवक गिरफ्तार

वाराणसी, 7 जुलाई। थाना मिर्जामुराद पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाने के मामले में वांछित अभियुक्त विभव मिश्रा को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता की तहरीर पर थाना मिर्जामुराद में मु0अ0सं0 193/2026 के तहत बीएनएस की धारा 115(2), 351(3), 352 एवं 69 में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर मंगलवार को अभियुक्त को पूछताछ के लिए थाना मिर्जामुराद बुलाया गया। पूछताछ के बाद उसे नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया गया।

पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2021 में केआईटी कॉलेज, मिर्जामुराद में पढ़ाई के दौरान उसकी पहचान विभव मिश्रा से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और अभियुक्त ने विवाह का आश्वासन देकर वर्ष 2021 से 2026 तक विभिन्न स्थानों पर पति-पत्नी की तरह रहते हुए शारीरिक संबंध बनाए। विवाह की बात करने पर वह लगातार बहनों की शादी का हवाला देकर टालता रहा। बाद में अभियुक्त और उसके परिजनों ने विवाह से इनकार कर दिया तथा विरोध करने पर युवती को धमकाकर घर से भगा दिया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान विभव मिश्रा (24 वर्ष), पुत्र ओम प्रकाश मिश्रा, निवासी ग्राम पिपराडाड, थाना कोतवाली देहात, जनपद मिर्जापुर के रूप में हुई है।

गिरफ्तारी की कार्रवाई थाना मिर्जामुराद पुलिस टीम ने उपनिरीक्षक गणेश प्रसाद पटेल (चौकी प्रभारी खजूरी) एवं उपनिरीक्षक अविनाश कुमार सिंह के नेतृत्व में की। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *