चन्दौली: 25 हजार का इनामी गोतस्कर गिरफ्तार, पुलिस पर फायरिंग कर हुआ था फरार।

चन्दौली। चन्दौली पुलिस ने गोतस्करी के एक बड़े मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। थाना इलिया पुलिस और स्वाट/एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी रामबाबू यादव उर्फ आनंद यादव को माल्दह पुलिया के पास स्थित काली माता मंदिर के समीप से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर 2025 को इलिया थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया था। इस दौरान वाहन सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल होकर पकड़ा गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया था।

पिकअप वाहन की तलाशी में 8 गोवंश बरामद हुए थे, जिनमें 3 मृत और 5 जीवित अवस्था में मिले थे। मौके से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक मिस फायर कारतूस और एक खोखा कारतूस भी बरामद किया गया था। इस मामले में पुलिस ने गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था तथा फरार आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ गोवंशों को खरीदकर पिकअप वाहन से बिहार के रास्ते पश्चिम बंगाल ले जाकर अधिक मुनाफे पर बेचता था।

गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 110 रुपये नकद बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ चन्दौली, वाराणसी और प्रयागराज में गोतस्करी सहित कई गंभीर मामलों में आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *