मुगलसराय में जाम से निजात के लिए सिक्स लेन सड़क बनाने की मांग, मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन.

मुगलसराय में जाम से निजात के लिए सिक्स लेन सड़क बनाने की मांग, मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में बढ़ती जाम की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से नगर के वरिष्ठ अधिवक्ता संतोष कुमार पाठक एडवोकेट ने सिक्स लेन सड़क निर्माण की मांग को लेकर जिलाधिकारी चंदौली के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन सौंपा।
सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर उन्होंने एसडीएम विजय कुमार त्रिवेदी (डीएम प्रतिनिधि) को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित पत्र दिया। ज्ञापन में बताया गया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर से होकर राज्य मार्ग संख्या 120 गुजरता है, जहां स्थित प्रमुख रेलवे जंक्शन के कारण प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है। इसके चलते नगर के मुख्य बाजार, विशेषकर पुराने जीटी रोड पर रोजाना गंभीर जाम की स्थिति बनी रहती है।
उन्होंने कहा कि जाम के कारण एंबुलेंस घंटों फंसी रहती हैं, स्कूली बसों में बच्चे परेशान होते हैं और कई यात्रियों की ट्रेनें छूट जाती हैं। इससे व्यापारी, वकील, छात्र एवं आम नागरिक सभी प्रभावित हो रहे हैं।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि पड़ाव से गुरुद्वारा तक सड़क सिक्स लेन बन चुकी है, लेकिन नगर क्षेत्र में प्रवेश करते ही इसे फोर लेन कर दिया गया है, जबकि सबसे अधिक जाम इसी हिस्से में लगता है। वर्तमान में फोर लेन सड़क पहले से मौजूद होने के बावजूद उसे तोड़कर पुनः फोर लेन बनाना जनधन की बर्बादी बताया गया है।
संतोष कुमार पाठक ने आरोप लगाया कि पीडब्ल्यूडी विभाग की लगभग 110 फीट चौड़ी भूमि उपलब्ध होने के बावजूद सिक्स लेन सड़क नहीं बनाई जा रही है, जो कहीं न कहीं भ्रष्टाचार और अतिक्रमण को संरक्षण देने की ओर इशारा करता है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के मुख्य बाजार स्थित जीटी रोड (राज्य मार्ग संख्या 120) पर सर्विस रोड सहित सिक्स लेन सड़क निर्माण सुनिश्चित कराया जाए, ताकि नगरवासियों को जाम की समस्या से स्थायी राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *