जनपद चंदौली।मिशन शक्ति फेज-5 के तहत जनपद के समस्त थानों में महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर चलाया गया जागरूकता अभियान।

समाचार आजकल।

चन्दौली।
उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप “मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण)” के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक चन्दौली श्री आकाश पटेल के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।

जनपद के विभिन्न बाजारों, कस्बों, ग्रामीण क्षेत्रों एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर एंटी रोमियो टीमों द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करते हुए उन्हें महिला सुरक्षा संबंधी कानूनों, सरकारी योजनाओं एवं हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई। अभियान के दौरान महिलाओं से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं के निस्तारण एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता को भी दोहराया गया।

जागरूकता कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन, निराश्रित महिला योजना, महिला शरणालय, शक्ति सदन एवं सखी निवास जैसी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

इसके साथ ही घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम 2005, कार्यस्थल पर महिलाओं का लैंगिक उत्पीड़न अधिनियम 2013, दहेज निषेध अधिनियम 1961 एवं पीसीपीएनडीटी अधिनियम 1994 सहित महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े प्रमुख कानूनों के संबंध में भी आमजन को जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास एवं सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ साइबर सुरक्षा पर विशेष बल दिया गया। सोशल मीडिया के सुरक्षित प्रयोग, ऑनलाइन फ्रॉड एवं साइबर अपराध से बचाव के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।

साथ ही थाना स्तर पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों के उद्देश्य, कार्यप्रणाली एवं उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं के संबंध में भी जानकारी देकर महिलाओं को सहायता हेतु आगे आने के लिए प्रेरित किया गया।

जनपद पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण हेतु यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *