चंदौली।प्राचीन मां काली मंदिर के स्थानांतरण का कार्यक्रम तय, 8 जुलाई को होगी प्राण-प्रतिष्ठा।

डीडीयू नगर (मुगलसराय), चन्दौली। श्री माता काली धर्मार्थ सेवा ट्रस्ट, मुगलसराय के पदाधिकारियों, सदस्यों, लोक निर्माण विभाग (PWD) एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों के बीच आपसी सहमति बनने के बाद जीटी रोड स्थित वीआईपी गेट के सामने स्थापित प्राचीन मां काली मंदिर का स्थानांतरण नव निर्मित मंदिर में किए जाने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए धार्मिक अनुष्ठानों एवं प्राण-प्रतिष्ठा का विस्तृत कार्यक्रम निर्धारित किया गया है।

ट्रस्ट के अनुसार, पुराने मां काली मंदिर परिसर में 3 जुलाई को सुबह 11 बजे से दुर्गा सप्तशती पाठ, चंडी पाठ, यज्ञ एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे, जो शाम तक चलेंगे।

वहीं, जीटी रोड स्थित सुभाष पार्क के बगल में बने नव निर्मित मां काली मंदिर में 3 जुलाई से मंडप रचना एवं प्रतिष्ठा कार्य प्रारंभ होगा।

धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत 4 जुलाई (शनिवार) को प्रायश्चित, गोदान, पंचांग पूजन, अघोर मंत्र जाप, कालाहरण एवं हवन का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन शाम 5 बजे पुराने काली मंदिर से 108 महिलाओं की भव्य कलश यात्रा गाजे-बाजे के साथ निकाली जाएगी। इस दौरान मां काली की प्रतिमा नगर भ्रमण करते हुए नव निर्मित मंदिर तक पहुंचेगी।

इसके बाद 5 जुलाई को मंडप पूजन, मूर्ति जलाधिवास एवं अन्नाधिवास, 6 जुलाई को फलाधिवास, पुष्प, घृत, रत्न एवं मिष्ठान्न अधिवास तथा 7 जुलाई को मूर्ति स्नपन, नेत्रोन्मीलन, शैयाधिवास एवं अन्य वैदिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।

8 जुलाई (बुधवार) को दोपहर 12 बजे तक वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां काली की प्राण-प्रतिष्ठा, हवन एवं पूर्णाहुति संपन्न होगी। सभी धार्मिक अनुष्ठान सप्तऋषि ब्राह्मण आचार्यों के सान्निध्य में कराए जाएंगे। इसके उपरांत प्रसाद वितरण एवं विशाल भंडारे का आयोजन होगा। वहीं, रात्रि 7 बजे से नव निर्मित मंदिर परिसर में भव्य देवी जागरण का आयोजन किया जाएगा।

यह जानकारी श्री माता काली धर्मार्थ सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष आशुतोष जायसवाल (आशु) तथा मीडिया प्रभारी एवं सांस्कृतिक मंत्री, सुप्रसिद्ध देवी पचरा एवं भजन गायक अशोक सिद्धार्थ केसवानी ने संयुक्त रूप से दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *