
चंदौली।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से रविवार सुबह रवाना हुई 53642 डाउन डीडीयू-दिलदारनगर-ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। चलती ट्रेन में एक अज्ञात बदमाश ने युवक के सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी शव को ट्रेन से नीचे फेंककर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, ट्रेन सुबह 6:28 बजे डीडीयू जंक्शन से रवाना हुई थी। कुछमन स्टेशन पार करने के बाद हाथ में दो पिट्ठू बैग लिए एक व्यक्ति ट्रेन के दरवाजे के पास पहुंचा और वहां खड़े एक यात्री को गोली मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी ने शव को ट्रेन से नीचे फेंक दिया और सकलडीहा स्टेशन के पास ट्रेन की रफ्तार धीमी होने पर उतरकर फरार हो गया।
घटना के बाद यात्रियों ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही सकलडीहा, अलीनगर, चंदौली सदर थाना पुलिस तथा जीआरपी की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जीआरपी प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आसपास के रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।
घटना के बाद रेलवे क्षेत्र में दहशत एवं हड़कंप का माहौल बना हुआ है।