
लखनऊ। मार्च के अंतिम सप्ताह में बैंक ग्राहकों को लगातार कई दिनों तक सेवाओं में व्यवधान का सामना करना पड़ेगा। 26 मार्च का अवकाश पहले से घोषित था, वहीं अब 27 मार्च को रामनवमी के अवसर पर भी एनआई एक्ट के तहत बैंक अवकाश घोषित कर दिया गया है।
इसके बाद 28 मार्च को महीने का चौथा शनिवार और 29 मार्च को रविवार होने के कारण बैंक बंद रहेंगे। इस तरह लगातार चार दिनों तक बैंकिंग सेवाएं ठप रहेंगी।
बैंक 30 मार्च, सोमवार को खुलेंगे, लेकिन इसके अगले ही दिन 31 मार्च को महावीर जयंती के अवसर पर फिर से अवकाश रहेगा। वहीं 1 अप्रैल को बैंकों की वार्षिक लेखाबंदी के चलते कामकाज नहीं होगा।
लगातार अवकाशों के कारण ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे अपने जरूरी बैंकिंग कार्य पहले ही निपटा लें या डिजिटल माध्यमों का उपयोग करें।